

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Impact of cyclonic storm 'Arnab' in Chhattisgarh; rain in Raipur and several other districts; Meteorological Department issues an alert.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदल गया है। बुधवार को राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में लगातार बारिश हुई। करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित किया। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को दिन में भी ठंड का एहसास हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को भी प्रदेश के कई संभागों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा हो सकती है।
बुधवार को मौसम में बदलाव का असर प्रदेश के प्रमुख शहरों के तापमान पर भी दिखाई दिया। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.8 डिग्री कम रहा। माना में अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.1 डिग्री कम है। बिलासपुर में तापमान 27.8 डिग्री, पेंड्रा में 26 डिग्री, अंबिकापुर में 27.5 डिग्री और जगदलपुर में 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जगदलपुर का तापमान सामान्य से 5.5 डिग्री कम रहा। बस्तर क्षेत्र में बारिश और तेज हवाओं का असर अधिक देखने को मिला, जबकि रायपुर में सुबह से शुरू हुई बारिश रात तक जारी रही।
मौसम विभाग ने गुरुवार को बस्तर संभाग में 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने तथा भारी से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के जिलों में 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। इन क्षेत्रों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं, जबकि कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा हो सकती है।
मौसम विभाग ने बारिश की संभावना को देखते हुए कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। ऑरेंज अलर्ट नारायणपुर, कोंडागांव, बीजापुर, बस्तर और दंतेवाड़ा जिलों के लिए जारी किया गया है। वहीं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, मुंगेली, कबीरधाम, जांजगीर-चांपा, बेमेतरा, बलौदाबाजार, महासमुंद, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, बालोद, धमतरी, गरियाबंद, बलरामपुर, कोरिया, सूरजपुर, जशपुर, सरगुजा और सुकमा जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
लगातार बारिश के कारण लोगों ने एक बार फिर रेनकोट और छतरियां निकाल ली हैं। दिन के समय भी तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, गुरुवार को बारिश जारी रह सकती है, जबकि शुक्रवार से न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है। फिलहाल प्रदेश में न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब दो से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक बताया जा रहा है।