

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

In Rajiv Bhawan echoing inflation witch is eaten
Indian National Congress की जिला इकाई ने बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतों के विरोध में दुर्ग के राजीव भवन में व्यंग्यात्मक सांस्कृतिक प्रदर्शन आयोजित किया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी लोकगीतों और नारों के जरिए केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधा गया।
कार्यक्रम के दौरान आकाशवाणी एवं दूरदर्शन कलाकार खुमान सिंह यादव ने अपने सहयोगी कलाकारों संतोष निषाद, पवन यादव और संजय खरे के साथ प्रसिद्ध व्यंग्य गीत “महंगाई डायन खाए जात है” की प्रस्तुति दी। लोकगायन के माध्यम से बढ़ती महंगाई और आम जनता की परेशानियों को मंच से उठाया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चौपाल शैली में गीत-संगीत और नारों के जरिए विरोध दर्ज कराया।

जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से परिवहन महंगा हो गया है, जिसका असर खाद्य पदार्थों समेत हर जरूरी वस्तु पर पड़ रहा है। वहीं रसोई गैस की कीमतों ने महिलाओं का घरेलू बजट बिगाड़ दिया है।
राकेश ठाकुर ने कहा कि किसान खेती की बढ़ती लागत से परेशान हैं, मजदूर और मध्यम वर्ग आर्थिक दबाव झेल रहा है तथा युवाओं के सामने रोजगार का संकट गहराता जा रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार पर प्रचार और दिखावे की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने में लगी है, जबकि आम जनता महंगाई की मार झेल रही है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल सांस्कृतिक प्रस्तुति नहीं बल्कि महंगाई के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन की शुरुआत है। आने वाले दिनों में पार्टी गांव-गांव जाकर केंद्र सरकार की नीतियों और जनसमस्याओं को जनता के बीच उठाएगी।
कार्यक्रम से पहले जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर की अध्यक्षता में जिला कांग्रेस कमेटी और ब्लॉक अध्यक्षों की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, आगामी कार्यक्रमों, किसानों को खाद-बीज की कमी से हो रही समस्याओं तथा जनपद पंचायत पाटन क्षेत्र क्रमांक-04 के उपचुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई।
इस दौरान विक्रांत अग्रवाल, राजीव गुप्ता, पुरुषोत्तम तिवारी, प्रकाश ठाकुर, जामवंत गजपाल, पवन पटेल, लोचन यादव, ज्वाला प्रसाद साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।