

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

India's 'Golden Day' at the Asian Games: 4 gold medals in a single day, a hat-trick in compound archery... Neeru and Kynan made history in trap shooting.
जापान। आइची-नागोया में चल रहे 20वें एशियन गेम्स का 11वां दिन भारत के लिए बेहद सफल रहा। भारतीय खिलाड़ियों ने बुधवार को कुल सात पदक जीते, जिनमें चार स्वर्ण और तीन कांस्य शामिल हैं। कंपाउंड तीरंदाजी में भारत ने महिला टीम, पुरुष टीम और मिक्स्ड टीम तीनों स्पर्धाओं में स्वर्ण जीतकर क्लीन स्वीप किया। निशानेबाजी में नीरू ढांडा और कायनन चेनाई ने मिक्स्ड टीम ट्रैप में सोना दिलाया।
दिन का पहला स्वर्ण ज्योति सुरेखा वेन्नम, चिकिता तनिपार्थी और पृथिका प्रदीप की महिला कंपाउंड टीम ने जीता। भारतीय टीम ने चीन को 238-234 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस दौरान भारतीय टीम ने 238 अंक के साथ विश्व रिकॉर्ड की बराबरी भी की।
इसके बाद चिकिता तनिपार्थी और साहिल जाधव की मिक्स्ड टीम ने दक्षिण कोरिया के खिलाफ रोमांचक मुकाबला जीता। स्कोर बराबर रहने के बाद शूटआफ में भारत ने बाजी मारी। इस जीत के साथ भारत ने लॉस एंजिलिस 2028 ओलिंपिक के लिए कंपाउंड मिक्स्ड टीम स्पर्धा में कोटा भी हासिल कर लिया। यह इवेंट 2028 ओलिंपिक में पहली बार शामिल होगा।
पुरुष कंपाउंड टीम ने भी चीन को 238-237 से हराकर भारत की गोल्डन हैट्रिक पूरी कर दी। साहिल जाधव, गणेश मणिरत्नम थिरुमुरु और कुशल दलाल की टीम ने फाइनल में चीन को सिर्फ एक अंक से मात दी।
चिकिता तनिपार्थी और साहिल जाधव के लिए बुधवार का दिन खास रहा। दोनों ने मिक्स्ड टीम के साथ स्वर्ण जीता और अपने-अपने पुरुष व महिला टीम इवेंट में भी गोल्ड हासिल किया। इस तरह दोनों के खाते में एक ही दिन दो-दो स्वर्ण पदक आए।
चिकिता की खेल यात्रा में परिवार के संघर्ष की भी अहम भूमिका रही है। रिपोर्टों के मुताबिक, उनकी ट्रेनिंग के लिए परिवार ने आर्थिक मुश्किलों के बीच जरूरी संसाधन जुटाए। साहिल के खेल उपकरणों के लिए भी उनकी मां ने गहने बेचकर मदद की थी।
निशानेबाजी में नीरू ढांडा और कायनन चेनाई ने मिक्स्ड टीम ट्रैप स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। भारतीय जोड़ी ने 34 अंक बनाए और एशियन गेम्स रिकॉर्ड भी कायम किया। कतर ने 32 अंक के साथ रजत और चीन ने 23 अंक के साथ कांस्य जीता। यह इस स्पर्धा में भारत का पहला एशियन गेम्स स्वर्ण है।
नीरू का इन खेलों में यह दूसरा स्वर्ण है। इससे पहले उन्होंने महिला व्यक्तिगत ट्रैप स्पर्धा में भी गोल्ड जीता था। भारतीय निशानेबाजी दल के खाते में अब कुल 15 पदक हैं, जिनमें तीन स्वर्ण, आठ रजत और चार कांस्य शामिल हैं।
भारत ने बुधवार को बॉक्सिंग में कपिल पोखरिया और प्रिया घांघस के जरिए दो कांस्य पदक हासिल किए। कुश्ती में सुनील कुमार ने कांस्य पदक जीता। इस तरह भारत ने एक दिन में चार स्वर्ण के अलावा तीन कांस्य भी अपने नाम किए।
चार स्वर्ण पदकों की बदौलत भारत पदक तालिका में 10वें से 8वें स्थान पर पहुंच गया। 30 सितंबर तक भारत के खाते में कुल 60 पदक हैं, जिनमें 10 स्वर्ण, 21 रजत और 29 कांस्य शामिल हैं। चीन 150 स्वर्ण समेत 275 पदकों के साथ तालिका में शीर्ष पर है।