

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

India crushed Pakistan, won the match by 61 runs
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के 27वें मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। यह हाई-वोल्टेज मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया, जहां पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 175 रन बनाए, जवाब में पाकिस्तान की टीम 114 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने सुपर-8 में भी जगह पक्की कर ली। वर्ल्ड कप इतिहास में भारत का पाकिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड अब 8-1 हो गया है।
पाकिस्तान की पारी: शुरुआती झटकों से नहीं उबर सकी टीम
176 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। हार्दिक ने पहले ही ओवर में साहिबजादा फरहान को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने दूसरे ओवर में सैम अयूब (6) और कप्तान सलमान को आउट कर पाकिस्तान को बड़ा झटका दिया। दो ओवर में स्कोर 13-3 हो गया।
पांचवें ओवर में अक्षर पटेल ने बाबर आजम (5) को बोल्ड कर दिया। पावरप्ले के बाद पाकिस्तान का स्कोर 38-4 था। हालांकि उस्मान खान और शादाब खान ने 39 रनों की साझेदारी कर पारी संभालने की कोशिश की। उस्मान ने 34 गेंदों में 44 रन बनाए, लेकिन अक्षर ने उन्हें भी चलता किया।
इसके बाद विकेटों की झड़ी लग गई। कुलदीप ने मोहम्मद नवाज (4) को आउट किया, तिलक वर्मा ने शादाब (14) को पवेलियन भेजा। वरुण ने फहीम (10) और अबरार को लगातार गेंदों पर आउट किया। अंत में हार्दिक ने आखिरी विकेट लेकर पाकिस्तान की पारी 114 रन पर समेट दी।
भारत की पारी: ईशान का तूफान, अंत में रिंकू की तेजी
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की शुरुआत खराब रही। सलमान आगा ने पहले ही ओवर में अभिषेक को बिना खाता खोले आउट कर दिया। इसके बाद ईशान किशन और तिलक वर्मा ने पारी संभाली। छह ओवर में भारत का स्कोर 52-1 था।
ईशान किशन ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 40 गेंदों पर 77 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। 10 ओवर में भारत का स्कोर 92-2 था।
तिलक वर्मा (25) और कप्तान सूर्यकुमार यादव (32) ने पारी को आगे बढ़ाया। 15वें ओवर में तिलक और हार्दिक लगातार गेंदों पर आउट हो गए। आखिरी ओवरों में शिवम दुबे (27) और रिंकू सिंह ने तेजी दिखाई। रिंकू ने 4 गेंदों में 11 रन बनाकर टीम को 175 तक पहुंचाया।
गेंदबाजों का जलवा
भारत की ओर से बुमराह, अक्षर और वरुण ने शानदार गेंदबाजी की। वहीं पाकिस्तान की तरफ से सैम अयूब ने 4 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट लिए। उस्मान तारिक ने 24 रन देकर 1 विकेट लिया, जबकि शाहीन अफरीदी और सलमान आगा को 1-1 सफलता मिली।