

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

haryana-cheating-gang-busted-before-gate-2026-exam-raipur
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रविवार को आयोजित ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (GATE) परीक्षा के दौरान नकल कराने की साजिश रच रहे हरियाणा के एक गिरोह का कमिश्नरेट पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। सरोना इलाके में परीक्षा शुरू होने से पहले ही पुलिस ने आरोपियों को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए परीक्षा केंद्र के अंदर बैठे परीक्षार्थियों को बाहर से उत्तर उपलब्ध कराने की तैयारी में थे। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने संयुक्त रूप से निगरानी अभियान चलाया और कार्रवाई को अंजाम दिया।
रायपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि GATE परीक्षा के दौरान आयन डिजिटल जोन, सरोना केंद्र में ब्लूटूथ डिवाइस के माध्यम से नकल कराने की योजना बनाई गई है। इसके बाद डीसीपी पश्चिम संदीप पटेल, डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला और एडीसीपी पश्चिम राहुल देव शर्मा के नेतृत्व में टीम गठित कर परीक्षा केंद्र के आसपास सघन निगरानी रखी गई।
निगरानी के दौरान केंद्र के पास संदिग्ध गतिविधियों में शामिल कुछ युवकों को इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि वे परीक्षा में नकल कराने आए थे। आरोपियों द्वारा बताए गए नामों के आधार पर परीक्षा केंद्र के अंदर बैठे परीक्षार्थियों की जांच की गई, जिनके पास से अत्यंत छोटे ब्लूटूथ ईयर डिवाइस बरामद हुए।
पुलिस ने गिरोह में शामिल जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वे हरियाणा के विभिन्न जिलों के निवासी बताए गए हैं। आरोपियों में दर्शन सहवाग (26 वर्ष), सुमित सहवाग (30 वर्ष), लक्ष्मीनारायण उर्फ लक्की (36 वर्ष), अमर (32 वर्ष), नरेंद्र कुमार (29 वर्ष) और बंटी कुमार (38 वर्ष) शामिल हैं। सभी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह में और भी सदस्य शामिल हो सकते हैं, इसलिए विस्तृत जानकारी फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 3 अत्यंत छोटे ब्लूटूथ ईयर डिवाइस, 4 ब्लूटूथ इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, 8 मोबाइल फोन
और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं नकल से संबंधित सामग्री जब्त की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पूरी साजिश मोटी रकम लेकर रची गई थी।
राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में नकल कराने पहुंचे इस गिरोह के पकड़े जाने से पुलिस महकमे में सतर्कता बढ़ गई है। कुछ ही दिनों में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (PSC) की प्रारंभिक परीक्षा आयोजित होने वाली है, ऐसे में पुलिस सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और सख्त करने की तैयारी में है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क की जड़ें और किन-किन राज्यों तक फैली हैं।