

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Innocent child loses life while playing: 10-year-old girl gets caught in a makeshift noose made of a scarf while trying to make her brother laugh.
कोरबा। कोरबा जिले में खेलते समय हुआ एक दर्दनाक हादसा पूरे इलाके को गमगीन कर गया। छोटे भाई का मनोरंजन करने के दौरान 10 वर्षीय बच्ची के गले में गमछे का फंदा कस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना बालको थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली रोमा राज घर में अपने छोटे भाई के साथ खेल रही थी। उसके पिता मजदूरी के लिए बाहर गए हुए थे, जबकि मां घर के काम में व्यस्त थी। परिजनों ने बताया कि रोमा अक्सर गमछे को ऊपर बांधकर उसमें सिर फंसाने का अभिनय कर भाई को हंसाया करती थी। मंगलवार को भी वह यही कर रही थी, लेकिन इस बार गमछे का फंदा उसके गले में बुरी तरह कस गया और वह खुद को छुड़ा नहीं सकी।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के लोग बच्ची को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने इसे खेल के दौरान हुआ एक दुखद हादसा बताया है।
विशेषज्ञों का कहना है कि छोटे बच्चे कई बार खेल-खेल में गमछा, रस्सी, दुपट्टा या अन्य कपड़ों का उपयोग ऐसे तरीके से करने लगते हैं, जो जानलेवा साबित हो सकता है। इसलिए अभिभावकों को बच्चों पर लगातार नजर रखनी चाहिए और उन्हें ऐसे जोखिम भरे खेलों से दूर रहने की समझाइश देनी चाहिए। खासकर छोटे बच्चों को लंबे समय तक घर में अकेला नहीं छोड़ना चाहिए, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।