

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG News: Instagram dispute leads to murder; youth killed in Korba, 7 arrested including the mastermind.
कोरबा। कोरबा शहर में रविवार देर शाम हुई युवक की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मास्टरमाइंड समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इंस्टाग्राम स्टोरी को लेकर शुरू हुआ विवाद पुरानी रंजिश में बदल गया और आखिरकार एक युवक की जान चली गई। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया, जिसके चलते पुलिस बल की तैनाती करनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के रामसागर पारा का है। मृतक रवि यादव पेशे से डीजे ऑपरेटर था। करीब एक सप्ताह पहले मोहल्ले में रहने वाले महेंद्र गंगवानी और रवि यादव के बीच इंस्टाग्राम स्टोरी को लेकर विवाद हुआ था। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट की स्थिति बनने पर मामला थाने तक पहुंचा था।
परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। कुछ दिनों तक मामला शांत जरूर रहा, लेकिन दोनों पक्षों के बीच तनाव लगातार बना रहा।
बताया जा रहा है कि रविवार देर शाम रवि यादव किसी कार्यक्रम से लौट रहा था। इसी दौरान रामसागर पारा इलाके में उसकी महेंद्र गंगवानी से दोबारा कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
आरोप है कि महेंद्र गंगवानी ने अपने नाबालिग बेटे और अन्य साथियों के साथ मिलकर रवि यादव और उसके दोस्त पर हमला कर दिया। हमलावरों ने दोनों युवकों की बेरहमी से पिटाई की, जिसमें रवि यादव गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हत्या की खबर फैलते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। नाराज लोगों ने आरोपियों के घर पहुंचकर जमकर तोड़फोड़ की। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।
घटना के बाद हरकत में आई कोतवाली पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और मामले में शामिल दो मुख्य आरोपियों सहित कुल सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस हत्याकांड के बाद शहर में कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों और परिजनों का कहना है कि यदि पहले की शिकायत पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जाती, तो इस खूनी वारदात को रोका जा सकता था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।