

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Over 1,000 pilgrims depart from Chhattisgarh for Somnath; Chief Minister Sai flags off the special train.
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज रायपुर रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर देश के राष्ट्रीय स्वाभिमान, सांस्कृतिक गौरव और अटूट आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि इतिहास में अनेक बार मंदिर को ध्वस्त किया गया, लेकिन हर बार उसका पुनर्निर्माण हुआ, जो देशवासियों की अटूट श्रद्धा और विश्वास का प्रतीक है।
.jpeg)
इस विशेष यात्रा में छत्तीसगढ़ से 1000 से अधिक विशिष्टजन, पद्मश्री सम्मानित हस्तियां, राज्य एवं राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कलाकार तथा साहित्यकार शामिल हुए हैं। यात्रा के दौरान श्रद्धालु प्रदेश के विभिन्न शिवालयों की पावन मिट्टी और पवित्र नदियों का जल भगवान सोमनाथ को अर्पित करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 11 जनवरी 2026 से 11 जनवरी 2027 तक पूरे देश में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व राष्ट्रीय स्मरणोत्सव मनाया जा रहा है। इसी क्रम में इस सांस्कृतिक यात्रा का आयोजन किया गया है, जिसका उद्देश्य भारत की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय एकता के संदेश को मजबूत करना है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल का स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने आजादी के बाद राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के प्रतीक के रूप में सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का संकल्प लिया था। उन्होंने यह भी कहा कि 75 वर्ष पूर्व देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने पुनर्निर्मित सोमनाथ मंदिर का लोकार्पण किया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से लाई जा रही धार्मिक, ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व के शिवालयों की पावन मिट्टी और नदियों के जल का सोमनाथ में समर्पण भारत की सांस्कृतिक एकता का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने भगवान सोमनाथ से प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
.jpeg)
संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि यह यात्रा श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति के साथ-साथ भारत की महान सांस्कृतिक परंपरा और राष्ट्रीय गौरव को निकट से जानने का अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने भगवान सोमनाथ से छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश के लिए शांति, समृद्धि और विकास की प्रार्थना की।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने यात्रा पर रवाना हो रहे श्रद्धालुओं से मुलाकात की और उनकी मंगलमय यात्रा की कामना करते हुए उन्हें अंगवस्त्र भेंट किया। इस अवसर पर कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक धरमलाल कौशिक, अनुज शर्मा, इंद्रकुमार साहू, डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, संपत अग्रवाल, फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन सहित जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
