

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Investigation into the Bharatmala compensation scam reaches Dhamtari; ED takes major action; raids Bhupendra Chandrakar's house in Kurud
धमतरी। छत्तीसगढ़ में भारतमाला परियोजना से जुड़े कथित जमीन मुआवजा घोटाले की जांच अब तेज हो गई है। सोमवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने धमतरी जिले के कुरुद स्थित भूपेंद्र चंद्राकर के निवास पर दबिश दी। सुरक्षा बलों के साथ पहुंची टीम ने घर को घेरकर जांच कार्रवाई शुरू कर दी। इस दौरान बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
करीबियों को करोड़ों का फायदा पहुंचाने के आरोप
सूत्रों के मुताबिक, भूपेंद्र चंद्राकर पर आरोप है कि उन्होंने भारतमाला परियोजना के तहत विभिन्न तहसीलों में अपने करीबी लोगों को नियम विरुद्ध तरीके से करोड़ों रुपये का मुआवजा दिलवाया। जांच एजेंसी को इस संबंध में कई अहम दस्तावेज मिले हैं, जिनके आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
कई जिलों में संदिग्ध मुआवजा भुगतान की जांच
जानकारी के अनुसार, अभनपुर के कायाबांधा क्षेत्र में स्वयं चंद्राकर द्वारा भारी मुआवजा लेने की बात सामने आई है। इसके अलावा दुर्ग, पाटन, राजनांदगांव की देवादा और धमतरी जिले के मगरलोड क्षेत्र में भी उनके करीबियों को संदिग्ध परिस्थितियों में बड़ी राशि का भुगतान किए जाने की जांच हो रही है।
बैंक लेनदेन और जमीन अधिग्रहण रिकॉर्ड खंगाले जा रहे
ED की टीम जमीन अधिग्रहण से जुड़े दस्तावेज, बैंक लेनदेन, मुआवजा स्वीकृति फाइलों और लाभार्थियों के आपसी संबंधों की गहन पड़ताल कर रही है। माना जा रहा है कि जांच में वित्तीय अनियमितताओं और प्रभाव के दुरुपयोग के कई अहम सुराग मिल सकते हैं।
लंबे समय से मिल रही थीं शिकायतें
बताया जा रहा है कि भारतमाला परियोजना के तहत जमीन अधिग्रहण में फर्जीवाड़ा और मुआवजा वितरण में गड़बड़ी की शिकायतें लंबे समय से सामने आ रही थीं। हालांकि, अब ED की कार्रवाई के बाद मामला और गंभीर हो गया है।
सियासी हलचल तेज, कई बड़े नाम आ सकते हैं जांच के दायरे में
इस छापेमार कार्रवाई के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में कई और बड़े नाम सामने आ सकते हैं।
आधिकारिक बयान का इंतजार
फिलहाल ED की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच जारी है और आने वाले समय में और खुलासों की उम्मीद की जा रही है।