

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

MP News: Jabalpur High Court stirs: Man arrives in courtroom carrying fetus-like carcass, police investigating
जबलपुर। जबलपुर स्थित मध्यप्रदेश हाई कोर्ट की प्रिंसिपल बेंच में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक व्यक्ति कोर्ट रूम के अंदर बच्चे के भ्रूण जैसा लोथड़ा लेकर पहुंच गया। घटना के बाद अदालत परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पुलिस ने तत्काल उस व्यक्ति को घेरकर हिरासत में ले लिया।
सुनवाई के दौरान हुई घटना
जानकारी के मुताबिक हाई कोर्ट के कोर्ट नंबर 17 में सामान्य रूप से सुनवाई चल रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति पॉलिथीन बैग लेकर कोर्ट रूम में पहुंचा और उसमें रखा खून से सना तथा दुर्गंधयुक्त लोथड़ा निकालकर जज के डाइस के सामने रख दिया। यह दृश्य देखते ही कोर्ट रूम में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने कब्जे में लिया संदिग्ध पदार्थ
मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों और पुलिस ने तुरंत उस व्यक्ति को काबू में लिया और पॉलिथीन में रखी संदिग्ध वस्तु को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर इसे बच्चे का कटा हुआ सिर या भ्रूण जैसा बताया जा रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
कोर्ट परिसर में बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना की सूचना मिलते ही विशेष सशस्त्र बल की सुरक्षा टीम अलर्ट हो गई। इसके साथ ही सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन और ओमती थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
किसी केस से जुड़ा हो सकता है मामला
पुलिस के अनुसार इसी कोर्ट में दयानंद पांडे नाम के व्यक्ति का एक मामला भी सूचीबद्ध था। आशंका जताई जा रही है कि यह घटना उसी केस से जुड़ी हो सकती है। हालांकि पुलिस अभी इस पहलू की भी जांच कर रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
हाई कोर्ट जैसे संवेदनशील परिसर में इस तरह की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। वरिष्ठ अधिकारी यह जांच कर रहे हैं कि कड़ी सुरक्षा के बावजूद संबंधित व्यक्ति इस तरह की आपत्तिजनक वस्तु लेकर कोर्ट परिसर में कैसे पहुंच गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और कोर्ट रूम की सफाई भी कराई जा रही है।