

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Jio-BlackRock launch 'Personalized Investment Advice', investments start from ₹10,000
मुंबई। जियोब्लैकरॉक इंवेस्टमेंट एडवाइज़रस प्राइवेट लिमिटेड ने भारत में डिजिटल निवेश सलाह प्लेटफॉर्म ‘जियो-ब्लैकरॉक पर्सनलाइज्ड इन्वेस्टमेंट एडवाइज’ की शुरुआत की है। यह प्लेटफॉर्म भारतीय निवेशकों को कम लागत में व्यक्तिगत निवेश सलाह उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लॉन्च किया गया है। जियो फाइनेंशियल सर्विसेज और वैश्विक निवेश कंपनी ब्लैकरॉक की 50:50 जॉइंट वेंचर कंपनी जियोब्लैकरॉक इंवेस्टमेंट एडवाइज़रस प्राइवेट लिमिटेड इस सेवा का संचालन कर रही है।
नई सेवा के तहत निवेशक मात्र ₹10,000 से निवेश की शुरुआत कर सकते हैं। कंपनी शुरुआती तीन महीनों के लिए यह सेवा पूरी तरह मुफ्त दे रही है। इसके बाद सालाना शुल्क ₹350 रखा गया है, जबकि ₹1 लाख से अधिक के एसेट्स अंडर एडवाइजरी (AUA) पर 0.35 प्रतिशत वार्षिक शुल्क लिया जाएगा।
इस डिजिटल एडवाइजरी प्लेटफॉर्म पर निवेशकों को उनके वित्तीय लक्ष्यों और जोखिम क्षमता के अनुसार पर्सनलाइज्ड निवेश प्लान दिया जाएगा। आधुनिक टेक्नोलॉजी के जरिए इन निवेशों की लगातार निगरानी की जाएगी और बाजार की परिस्थितियों के अनुरूप समय-समय पर री-बैलेंसिंग के सुझाव भी मिलते रहेंगे।
लॉन्च के मौके पर जियो फाइनेंशियल सर्विसेज की नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर ईशा एम. अंबानी ने कहा कि हर भारतीय की वित्तीय मजबूती ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि JioBlackRock का उद्देश्य भारत को केवल बचतकर्ताओं का नहीं, बल्कि आत्मविश्वासी और समझदार निवेशकों का देश बनाना है। जियो की डिजिटल पहुंच और ब्लैकरॉक के वैश्विक निवेश अनुभव के माध्यम से आम लोगों तक विश्वस्तरीय निवेश सलाह पहुंचाई जाएगी।
ब्लैकरॉक के सीओओ रॉब गोल्डस्टीन ने इसे भारत में निवेश सलाह के क्षेत्र में नया मानक बताया। उन्होंने कहा कि Aladdin की संस्थागत गुणवत्ता वाली रिस्क एनालिटिक्स और जियो की डिजिटल पहुंच के जरिए लाखों भारतीयों को व्यक्तिगत निवेश सलाह उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, जियोब्लैकरॉक इंवेस्टमेंट एडवाइज़रस के सीईओ मार्क पिल्ग्रिम ने कहा कि भारत ने वित्तीय समावेशन में बड़ी प्रगति की है और अब अगला कदम वेल्थ इन्क्लूजन की दिशा में बढ़ना है।
यह नई सेवा फिलहाल जियोफाइनेंस ऐप पर उपलब्ध है और जल्द ही इसे MyJio ऐप पर भी लॉन्च किया जाएगा। कंपनी का दावा है कि यह पहल पर्सनलाइज्ड निवेश सलाह को आम निवेशकों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।