

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Ketan Agarwal murder case: Siya Goyal and Chetan Chaudhary refuse narco test; sent to 14-day judicial custody.
पुणे। चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मामले के मुख्य आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी ने नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट कराने से साफ इनकार कर दिया है। इसके बाद अदालत ने स्पष्ट कर दिया कि आरोपियों की सहमति के बिना ऐसे परीक्षण नहीं कराए जा सकते। ऐसे में अब जांच एजेंसियों को उपलब्ध तकनीकी और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर ही जांच आगे बढ़ानी होगी।
पुलिस हिरासत की अवधि पूरी होने पर दोनों आरोपियों को शुक्रवार को वडगांव न्यायालय में पेश किया गया। जांच एजेंसी ने पुलिस रिमांड बढ़ाने की मांग की, लेकिन प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी ए.एम. विभूते ने यह मांग खारिज करते हुए दोनों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में येरवडा जेल भेजने का आदेश दिया।
गौरतलब है कि गुरुवार को सिया गोयल के वकील ने अदालत में पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए सहमति जताने की बात कही थी। हालांकि शुक्रवार को बचाव पक्ष ने अपना रुख बदलते हुए इस तरह के किसी भी परीक्षण का विरोध किया। अदालत ने कहा कि आरोपी की स्वैच्छिक सहमति के बिना नार्को या पॉलीग्राफ टेस्ट नहीं कराया जा सकता।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि हत्या की कथित साजिश के दौरान सिया गोयल और चेतन चौधरी आपस में बातचीत के लिए सांकेतिक भाषा और कोडवर्ड का इस्तेमाल करते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन से डिलीट किया गया बड़ा डिजिटल डेटा रिकवर कर लिया है।अब इस डेटा में इस्तेमाल किए गए कोडवर्ड को समझने और डिकोड करने के लिए विशेषज्ञों की मदद ली जाएगी, ताकि साजिश की पूरी तस्वीर सामने आ सके।
जांच के दौरान पुलिस ने शुक्रवार को सिया गोयल के घर से एक और मोबाइल फोन बरामद किया है, जिसे कथित तौर पर छिपाकर रखा गया था। पुलिस इस मोबाइल के डेटा की भी गहन जांच कर रही है।
जांच एजेंसी का मानना है कि इस हत्याकांड में केवल दो आरोपी ही नहीं, बल्कि किसी तीसरे व्यक्ति की भी भूमिका हो सकती है। पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर संभावित अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।पुलिस का कहना है कि तकनीकी सबूतों, मोबाइल डेटा और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद मामले में कई अहम खुलासे होने की संभावना है।