

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Kiran Singh Dev Accident: BJP State President Kiran Singh Dev met with a road accident in UP; his car collided with a truck while returning from Bageshwar Dham.
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव उत्तर प्रदेश में एक सड़क हादसे में घायल हो गए। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर परिवार के साथ बागेश्वर धाम के दर्शन कर लौटते समय झांसी-ललितपुर हाईवे पर उनकी कार अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। हादसे में किरण सिंह देव के कमर और पैर में चोटें आई हैं, जबकि उनके चालक को भी चोट लगी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दर्शन के बाद लौटते समय झांसी-ललितपुर मार्ग पर सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के लिए चालक ने अचानक ब्रेक लगाया। तेज ब्रेक लगने से कार पर नियंत्रण बिगड़ गया और वह आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। दुर्घटना के समय किरण सिंह देव के साथ उनके निजी सुरक्षा अधिकारी (PSO) भी कार में मौजूद थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य दूसरी गाड़ी से पीछे आ रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहगीरों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। किरण सिंह देव और उनके चालक को तत्काल झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
प्रशासन एहतियात के तौर पर किरण सिंह देव को एयर एम्बुलेंस या हेलीकॉप्टर के जरिए रायपुर लाने की तैयारी कर रहा है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
हादसे के बाद स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना सामने आए वाहन को बचाने के प्रयास में कार के अनियंत्रित होने से हुई। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।