

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Raipur Airport soars high in passenger amenities, securing second place nationwide; surpasses Kolkata and Indore.
रायपुर। राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट ने यात्री सुविधाओं और सेवा गुणवत्ता के मामले में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। एयरपोर्ट्स काउंसिल इंटरनेशनल (ACI) द्वारा जारी एयरपोर्ट सर्विस क्वालिटी (ASQ) सर्वे 2026 की दूसरी तिमाही (अप्रैल-जून) की रैंकिंग में रायपुर एयरपोर्ट देश के घरेलू हवाई अड्डों में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। इस श्रेणी में पुणे एयरपोर्ट पहले स्थान पर रहा, जबकि कभी शीर्ष रैंकिंग में रहने वाला इंदौर एयरपोर्ट फिसलकर नौवें स्थान पर पहुंच गया है।
ताजा सर्वे के अनुसार, रायपुर एयरपोर्ट को 5 में से 4.93 अंक प्राप्त हुए हैं। यह पिछली तिमाही की तुलना में 0.05 अंक अधिक है, जो सेवा गुणवत्ता में लगातार सुधार को दर्शाता है। इतना ही नहीं, यह स्कोर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) द्वारा निर्धारित एमओयू (MoU) लक्ष्य से 0.23 अंक अधिक है।
बेहतर प्रदर्शन के दम पर रायपुर एयरपोर्ट ने वैश्विक स्तर पर भी अपनी पहचान मजबूत की है। एयरपोर्ट सर्विस क्वालिटी सर्वे में रायपुर एयरपोर्ट दुनिया के टॉप-70 एयरपोर्ट्स में शामिल हुआ है। इस उपलब्धि के बाद एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों और कर्मचारियों में खुशी का माहौल है।
एयरपोर्ट्स काउंसिल इंटरनेशनल (ACI) का ASQ सर्वे पूरी तरह यात्रियों से प्राप्त प्रत्यक्ष फीडबैक पर आधारित होता है। इसमें यात्रियों के अनुभव के आधार पर विभिन्न मानकों का मूल्यांकन किया जाता है।
सर्वे में मुख्य रूप से चेक-इन और सुरक्षा जांच में लगने वाला समय, एयरपोर्ट स्टाफ का व्यवहार और सहयोग, टर्मिनल की साफ-सफाई, खान-पान की सुविधाएं, पार्किंग व्यवस्था और उड़ानों से संबंधित सूचना संकेतकों (साइनेज) की गुणवत्ता जैसे पहलुओं को शामिल किया जाता है।
रायपुर एयरपोर्ट की इस उपलब्धि को यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और सेवा गुणवत्ता में लगातार सुधार का परिणाम माना जा रहा है। एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि भविष्य में भी यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे, ताकि रायपुर एयरपोर्ट राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान और मजबूत कर सके।