

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Lakshmi Verma makes a major statement regarding the privatization of BSP; says the Centre has no such policy.
रायपुर। भाजपा की राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा ने सोमवार को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता कर कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हार के डर और हताशा में संवैधानिक संस्थाओं के बाद अब देश के प्रमुख आर्थिक संस्थानों को लेकर भी भ्रामक प्रचार कर रही है। वर्मा ने कहा कि भिलाई में आगामी नगरीय निकाय चुनाव को देखते हुए राजनीतिक लाभ लेने के लिए बीएसपी के निजीकरण को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है।
लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) और भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के निजीकरण को लेकर केंद्र सरकार की कोई नीति या मंशा नहीं है। उनके अनुसार, सेल प्रबंधन भी इस संबंध में स्पष्टीकरण दे चुका है। उन्होंने बीएसपी कर्मचारियों और उनके परिवारों से अपील की कि वे किसी भी तरह के भ्रम या भय में न आएं।
वर्मा ने कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र छत्तीसगढ़ का गौरव और पहचान है। यह देश की विविधता को समेटे हुए ‘मिनी भारत’ का स्वरूप प्रस्तुत करता है। उन्होंने दावा किया कि कर्मचारियों के हितों और सुविधाओं से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
भाजपा सांसद ने कहा कि औद्योगिक संस्थानों को लेकर बिना तथ्य के किए गए दावे कर्मचारियों और उनके परिवारों की आशंकाएं बढ़ा सकते हैं। ऐसे संवेदनशील विषयों पर राजनीतिक दलों को जिम्मेदारी से बयान देना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पर चुनावी लाभ के लिए बीएसपी को लेकर गलतफहमी पैदा करने का आरोप लगाया।
लक्ष्मी वर्मा ने सेल प्रबंधन और इस्पात मंत्रालय से मांग की कि औद्योगिक संस्थानों के संबंध में बिना तथ्य और प्रमाण के इंटरनेट मीडिया या सार्वजनिक मंचों पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कराई जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में स्पष्ट जानकारी सामने आनी चाहिए, ताकि कर्मचारियों के बीच अनावश्यक भय और भ्रम की स्थिति न बने।
पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शताब्दी पांडेय और डॉ. किरण बघेल, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी तथा प्रदेश महामंत्री शीतल नायक मौजूद रहीं।