

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

'Lalla' Returns Home: Kranti Prakash Jha's Powerful Persona Shines in the 'Raktanchal Season 3' Trailer
मुंबई। ओटीटी की चर्चित क्राइम-थ्रिलर वेब सीरीज 'रक्तांचल' अपने तीसरे सीजन के साथ वापसी के लिए तैयार है। हाल ही में रिलीज हुए 'रक्तांचल सीजन 3' के आधिकारिक ट्रेलर ने दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है। सत्ता, राजनीति और गैंगवार की पृष्ठभूमि पर आधारित इस सीरीज का ट्रेलर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे दर्शकों के साथ-साथ समीक्षकों से भी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।
ट्रेलर में अभिनेता क्रांति प्रकाश झा एक बार फिर अपने लोकप्रिय किरदार 'विजय सिंह' के रूप में दमदार अंदाज में नजर आ रहे हैं। उनका आक्रामक लुक, प्रभावशाली संवाद और मजबूत स्क्रीन प्रेजेंस ट्रेलर की सबसे बड़ी खासियत बनकर उभरा है। पिछले दो सीजन में अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीतने वाले क्रांति इस बार बदले और संघर्ष की कहानी को नए स्तर पर ले जाते दिखाई दे रहे हैं।
बिहार के बेगूसराय से ताल्लुक रखने वाले क्रांति प्रकाश झा की परफॉर्मेंस को लेकर सोशल मीडिया पर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। फैंस उन्हें "घर लौटा लल्ला" कहकर स्वागत कर रहे हैं और उनके देसी अंदाज, सशक्त अभिनय और पूर्वांचल की भाषा-शैली की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि क्रांति ने ओटीटी पर अपनी अलग पहचान बनाई है और लगातार बेहतरीन किरदार निभाकर बिहार का नाम रोशन कर रहे हैं।
'रक्तांचल सीजन 3' का ट्रेलर साफ संकेत देता है कि इस बार कहानी पहले से अधिक रोमांचक और हिंसक होने वाली है। सत्ता की जंग, राजनीतिक साजिशें और गैंगवार के बीच रिश्तों और बदले की नई परतें दर्शकों को देखने को मिलेंगी। ट्रेलर ने सीरीज की कहानी को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है।
क्रांति प्रकाश झा ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म 'मिथिला मखान' से पहचान हासिल कर की थी। इसके बाद उन्होंने 'देसवा', 'वन्स अपॉन ए टाइम इन बिहार', 'एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी', 'स्पिरिचुअल गोवा' और 'संकल्प' जैसी फिल्मों और प्रोजेक्ट्स में काम किया। हालांकि उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता 'रक्तांचल' में निभाए गए 'विजय सिंह' के किरदार से मिली।
'रक्तांचल सीजन 3' का ट्रेलर सभी प्रमुख डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध है। सीरीज जुलाई में अमेज़न पर रिलीज होने वाली है। अब दर्शकों की नजर इस बात पर टिकी है कि 'विजय सिंह' की वापसी गैंगवार और सत्ता की इस खूनी लड़ाई को किस मुकाम तक पहुंचाती है।