

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

11 Years of 'Baahubali: The Beginning': The film that ushered in a new era of pan-India cinema!
मुंबई। भारतीय सिनेमा की सबसे प्रतिष्ठित फिल्मों में शामिल 'बाहुबली: द बिगिनिंग' ने अपनी रिलीज के 11 साल पूरे कर लिए हैं। 2015 में रिलीज हुई एस. एस. राजामौली की इस भव्य फिल्म ने न केवल बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचा, बल्कि भारतीय फिल्मों के लिए पैन इंडिया रिलीज का नया अध्याय भी शुरू किया। आज भी इसे भारतीय सिनेमा की सबसे प्रभावशाली फिल्मों में गिना जाता है।
11वीं वर्षगांठ के मौके पर मेकर्स ने सोशल मीडिया पर एक खास पोस्टर साझा करते हुए लिखा, "हर सीमा को तोड़ा। हर चुनौती को इतिहास में बदल दिया। 11 साल पहले #बाहुबली भारतीय सिनेमा का मशालवाहक बनकर उभरी थी...#11YearsForBaahubaliTheBeginning"
'बाहुबली: द बिगिनिंग' में प्रभास ने डबल रोल निभाया था। उनके साथ राणा दग्गुबाती, अनुष्का शेट्टी, तमन्ना भाटिया, राम्या कृष्णन, सत्यराज और नासर जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए। फिल्म शिवुडु की कहानी पर आधारित थी, जो अपनी प्रेमिका अवंतिका की मदद से देवसेना को भल्लालदेव की कैद से मुक्त कराने निकलता है।
फिल्म के अंत में छोड़ा गया सवाल"कटप्पा ने बाहुबली को क्यों मारा?"भारतीय सिनेमा के सबसे चर्चित क्लिफहैंगर्स में शामिल हो गया और इसी ने 'बाहुबली 2: द कन्क्लूजन' के लिए जबरदस्त उत्सुकता पैदा की।
फिल्म ने सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म और सर्वश्रेष्ठ स्पेशल इफेक्ट्स सहित कई राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार अपने नाम किए। वहीं, इसका संगीत भी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय रहा। 'खोया हैं', 'कौन हैं वो', 'पंछी बोले' और 'मनोहारी' जैसे गीत आज भी पसंद किए जाते हैं। फिल्म तेलुगु, तमिल, हिंदी और मलयालम भाषाओं में रिलीज हुई थी।
'बाहुबली' की दुनिया अब एक नई एनिमेटेड फिल्म 'बाहुबली: द इटरनल वॉर' के जरिए विस्तार पाने जा रही है। दो भागों में बनने वाली इस फिल्म का निर्देशन पुरस्कार विजेता फिल्ममेकर ईशान शुक्ला कर रहे हैं।
इस प्रोजेक्ट पर बात करते हुए एस. एस. राजामौली ने कहा कि भारतीय पौराणिक कथाओं की विशाल कल्पनाओं को जीवंत रूप देने के लिए एनीमेशन सबसे उपयुक्त माध्यम है और ईशान शुक्ला इस विज़न को अगले स्तर तक ले जाने वाले सही निर्देशक हैं।
'बाहुबली: द इटरनल वॉर' की कहानी 'बाहुबली: द बिगिनिंग' और 'बाहुबली 2: द कन्क्लूजन' के बीच की घटनाओं पर आधारित होगी। फिल्म में अमरेंद्र बाहुबली की मृत्यु के बाद की यात्रा और देवताओं को चुनौती देने वाले उनके रोमांचक सफर को दिखाया जाएगा। फिल्म के पहले भाग का टीजर जारी किया जा चुका है, जबकि इसकी रिलीज 2027 में निर्धारित है।