

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Ketan Murder Case: Ketan's father sends emotional email to the President, demands hearing in a fast-track court.
पुणे। महाराष्ट्र के पुणे स्थित लोहगढ़ किला हत्याकांड में नया मोड़ सामने आया है। करीब एक महीने पहले हुई केतन अग्रवाल की दर्दनाक हत्या के मामले में अब पीड़ित परिवार ने देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से न्याय की अपील की है। केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने राष्ट्रपति को भावुक ई-मेल भेजकर मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने और दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाने की मांग की है।
राष्ट्रपति को भेजे गए पत्र में विशाल अग्रवाल ने लिखा कि वह यह अपील किसी व्यवसायी या प्रभावशाली व्यक्ति के रूप में नहीं, बल्कि एक ऐसे पिता के रूप में कर रहे हैं, जिसने अपने बेटे को खो दिया है। उन्होंने लिखा, "महामहिम, मैं सिर्फ एक बिखर चुका बाप हूं, जो अपने दिवंगत बेटे के लिए जल्द से जल्द इंसाफ चाहता है।"
पत्र में उन्होंने उल्लेख किया कि 18 जून को उनके बेटे केतन अग्रवाल को कथित तौर पर 400 फीट गहरी खाई में धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया गया। इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
विशाल अग्रवाल ने अपने पत्र में यह भी बताया कि केतन की मौत के महज 20 दिनों के भीतर उनके पिता का भी निधन हो गया। उन्होंने लिखा कि उनके पिता अपने पोते से बेहद स्नेह करते थे और इस असहनीय दुख को सहन नहीं कर पाए। उनके अनुसार, इस घटना ने पूरे परिवार को पूरी तरह बिखेर दिया है।
पीड़ित पिता ने राष्ट्रपति से किसी विशेष सुविधा, रियायत या वीआईपी व्यवहार की मांग नहीं की है। उन्होंने केवल यह आग्रह किया है कि मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए इसकी सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए, ताकि न्याय में अनावश्यक देरी न हो और दोषियों को शीघ्र सजा मिल सके।