

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Rashmika Mandanna shoots India's first female-led underwater fight sequence for 'Messa'; makers say a new chapter in Indian cinema is set to begin.
मुंबई। पैन-इंडिया स्टार रश्मिका मंदाना अपनी आगामी फिल्म 'मैसा' (MYSAA) के साथ एक बिल्कुल नए और दमदार अवतार में नजर आने वाली हैं। फिल्म को लेकर पहले से ही दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह है और अब मेकर्स ने एक ऐसा अपडेट साझा किया है, जिसने इस फिल्म को और भी खास बना दिया है। फिल्म के लिए भारत का पहला फीमेल-लीड अंडरवॉटर फाइट सीक्वेंस सफलतापूर्वक शूट कर लिया गया है।
मेकर्स के मुताबिक, इस हाई-ऑक्टेन अंडरवॉटर एक्शन सीक्वेंस को रश्मिका मंदाना ने बिना किसी बॉडी डबल की मदद के खुद फिल्माया। इस चुनौतीपूर्ण शूट को पूरा करने के लिए उन्होंने दो दिनों में लगभग 20 घंटे पानी के भीतर बिताए।
सेट पर मौजूद अंडरवॉटर टेक्निकल टीम और सिनेमैटोग्राफर (DOP) भी उनकी मेहनत और समर्पण से प्रभावित नजर आए। टीम का कहना है कि भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में उन्होंने पहले कभी इस तरह का फीमेल-लीड अंडरवॉटर एक्शन परफॉर्मेंस नहीं देखा।
फिल्म के निर्माता इस सीक्वेंस को भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े और महत्वाकांक्षी एक्शन सीक्वेंस में से एक मान रहे हैं। उनका दावा है कि यह फीमेल-लीड अंडरवॉटर एक्शन भारतीय एक्शन फिल्मों के लिए एक नया मानक स्थापित करेगा।
मेकर्स ने फिल्म के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर शूटिंग की कुछ तस्वीरें और एक झलक साझा करते हुए लिखा कि यह भारत का पहला फीमेल-लीड अंडरवॉटर फाइट सीक्वेंस है, जिसकी अगुवाई रश्मिका मंदाना ने की है।
पोस्ट में कहा गया कि समंदर की गहराइयों के नीचे एक ऐसी जंग छिपी है, जैसी भारतीय सिनेमा ने पहले कभी नहीं देखी। साथ ही यह भी बताया गया कि फिल्म का टीजर जल्द जारी किया जाएगा और फिल्म 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
रश्मिका मंदाना ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इस उपलब्धि को साझा करते हुए लिखा कि वह पिछले कुछ समय से इसी प्रोजेक्ट पर काम कर रही थीं।
उन्होंने लिखा कि यह अब तक उनकी जिंदगी का सबसे चुनौतीपूर्ण काम रहा है। उन्होंने कहा कि पूरी टीम ने इस प्रोजेक्ट के लिए पूरी मेहनत और जुनून के साथ काम किया है और अब वह दर्शकों को फिल्म दिखाने के लिए बेहद उत्साहित हैं।
'मैसा' एक इमोशनल एक्शन थ्रिलर है, जिसकी कहानी आदिवासी इलाकों की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म का निर्माण अनफॉर्मूला फिल्म्स ने किया है, जबकि निर्देशन रवींद्र पुल्ले ने किया है।
मेकर्स के अनुसार, फिल्म में दमदार विजुअल्स, भावनात्मक कहानी और रश्मिका मंदाना का अब तक का सबसे बेखौफ और एक्शन से भरपूर अवतार देखने को मिलेगा, जो दर्शकों के लिए एक नया सिनेमाई अनुभव साबित हो सकता है।