

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Entertainment: 'Dug Dug' released on Prime Video; the satirical story will now reach over 200 countries.
मुंबई। फिल्म समारोहों में सराहना बटोरने के बाद निर्देशक और लेखक ऋत्विक पारीक की चर्चित व्यंग्यात्मक कॉमेडी फिल्म 'डुग डुग' अब प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रही है। फिल्म भारत सहित 200 से अधिक देशों और क्षेत्रों में उपलब्ध है, जिससे इसकी अनोखी कहानी वैश्विक दर्शकों तक पहुंचेगी।
बॉटल रॉकेट पिक्चर्स के बैनर तले निर्मित इस फिल्म का निर्माण प्रेरणा पारीक और ऋत्विक पारीक ने किया है। फिल्म के एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर अनुराग कश्यप, निखिल आडवाणी, विक्रमादित्य मोटवानी और वासन बाला हैं।
फिल्म में अल्ताफ खान, गौरव सोनी और योगेंद्र सिंह मुख्य भूमिकाओं में नजर आते हैं। इनके साथ दुर्गा लाल सैनी, हेमंत शर्मा, जगदीश प्रसाद टाक, राजू गुर्जर और प्रियंका खांडेकर भी अहम किरदार निभा रहे हैं।
'डुग डुग' एक अनोखी और व्यंग्यात्मक कहानी के जरिए समाज में आस्था, अंधविश्वास और उसके व्यावसायीकरण पर सवाल उठाती है। हास्य और सामाजिक व्यंग्य के मिश्रण के साथ फिल्म यह दिखाने का प्रयास करती है कि किस तरह एक साधारण घटना धीरे-धीरे धार्मिक विश्वास और फिर कारोबार का रूप ले सकती है।
फिल्म की कहानी ठाकुर (अल्ताफ खान) नामक एक शराबी व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी एक रात हाईवे पर मोटरसाइकिल दुर्घटना में मौत हो जाती है। अगले दिन उसकी बाइक पुलिस स्टेशन से रहस्यमय तरीके से गायब होकर उसी स्थान पर मिलती है, जहां हादसा हुआ था। इसके बाद होने वाली अजीब घटनाओं के चलते गांव के लोग ठाकुर को भगवान मानने लगते हैं और उसकी बाइक पर शराब चढ़ाकर मन्नतें मांगने लगते हैं। जब लोगों की इच्छाएं पूरी होने लगती हैं, तो देखते ही देखते यह आस्था एक नए धर्म और बड़े कारोबार का रूप ले लेती है।
फिल्म समीक्षकों के अनुसार 'डुग डुग' एक साहसी और अलग विषय पर बनी फिल्म है, जो किसी की धार्मिक भावनाओं का उपहास उड़ाए बिना यह दिखाती है कि किस प्रकार आस्था समय के साथ एक संगठित व्यवसाय में बदल सकती है। अपनी संवेदनशील प्रस्तुति, व्यंग्य और प्रभावशाली कहानी के कारण फिल्म को विभिन्न फिल्म समारोहों में भी सराहना मिली थी। अब प्राइम वीडियो पर रिलीज़ के साथ इसे वैश्विक दर्शकों के बीच नई पहचान मिलने की उम्मीद है।