

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Latest News: Massive vigilance operation in Odisha, property worth crores and 2.66 crore cash seized from engineer's premises
भुवनेश्वर। ओडिशा विजिलेंस ने आय से अधिक संपत्ति मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए कंधमाल जिले के बालीगुडा स्थित इंटीग्रेटेड ट्राइबल डेवलपमेंट एजेंसी (ITDA) के कार्यकारी अभियंता बैकुंठनाथ बेहरा के नौ ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान करोड़ों रुपये की संपत्ति, भारी नकदी, आभूषण, लग्जरी वाहन और कई निवेश संबंधी दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार अभियंता के एक बैंक लॉकर से 2 करोड़ 66 लाख रुपये नकद मिले हैं। विजिलेंस विभाग की इस कार्रवाई के बाद पूरे राज्य में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि बैकुंठनाथ बेहरा ने वर्ष 1999 में महज 6 हजार रुपये मासिक वेतन पर कनिष्ठ अभियंता के रूप में नौकरी शुरू की थी। अब उनके पास करोड़ों रुपये की संपत्ति मिलने से लोग हैरान हैं।
प्रारंभिक जांच में अभियंता के पांच बहुमंजिला आलीशान मकानों, कई लग्जरी कारों और करोड़ों रुपये के निवेश का खुलासा हुआ है। इसके अलावा अब तक कुल 13 प्लॉट की पहचान की गई है, जिनमें सात भुवनेश्वर, पांच धर्मशाला और एक बारीपदा में स्थित हैं।
विजिलेंस टीम को भुवनेश्वर के चंद्रशेखरपुर स्थित अभियंता के आवास से दो सोने की मूर्तियों सहित भारी मात्रा में आभूषण भी मिले हैं। इसके साथ ही बैंक पासबुक, निवेश संबंधी दस्तावेज और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड भी जब्त किए गए हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि अभियंता की पत्नी के नाम पर एक्सिस बैंक और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में दो लॉकर हैं। विजिलेंस विभाग अब इन लॉकरों की भी जांच कर रहा है।
विजिलेंस अधिकारियों के मुताबिक जब्त दस्तावेजों और संपत्तियों का मूल्यांकन किया जा रहा है। आय और संपत्ति के बीच बड़े अंतर को देखते हुए मामले में आगे और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल विजिलेंस विभाग अभियंता और उसके परिवार के वित्तीय लेनदेन, निवेश और संपत्ति के स्रोतों की विस्तृत जांच में जुटा हुआ है।