

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Liquor-coal scam: Congress leader Ramgopal Agrawal's police remand extended until July 22.
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोयला और शराब घोटाला मामलों में गिरफ्तार कांग्रेस नेता एवं पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की पुलिस रिमांड बढ़ा दी गई है। अदालत ने उन्हें पांच दिन की अतिरिक्त पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। अब रामगोपाल अग्रवाल 22 जुलाई तक आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की हिरासत में रहेंगे।
रामगोपाल अग्रवाल के अधिवक्ता फैसल रिजवी ने रिमांड बढ़ाए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि EOW ने आगे की पूछताछ के लिए अदालत से पांच दिन की अतिरिक्त रिमांड की मांग की थी, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया। इससे पहले रामगोपाल अग्रवाल नौ दिन की पुलिस रिमांड पर थे।
गौरतलब है कि रामगोपाल अग्रवाल को सबसे पहले कोयला घोटाला मामले में गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में पूछताछ के दौरान ही EOW ने उन्हें शराब घोटाला मामले में भी औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद जांच एजेंसी दोनों मामलों में उनसे एक साथ पूछताछ कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक, बढ़ी हुई रिमांड के दौरान EOW दोनों मामलों से जुड़े वित्तीय लेनदेन, दस्तावेजी साक्ष्यों और अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर रामगोपाल अग्रवाल से विस्तृत पूछताछ करेगी। जांच एजेंसी घोटालों की कथित आर्थिक श्रृंखला और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।