

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Lucknow Triple Murder: SBI officer kills ICICI Bank manager wife and sister, then shoots himself; secret revealed via WhatsApp status.
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके गोमतीनगर में गुरुवार दोपहर सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। यहां एक बैंक रिलेशनशिप मैनेजर की उसके पति ने गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी पति ने अपनी बहन को भी गोली मार दी और फिर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान मानस बाजपेई, उसकी पत्नी दिव्या मिश्रा और बहन शीबा बाजपेई के रूप में हुई है। दिव्या मिश्रा गोमतीनगर के विवेकखंड स्थित ICICI बैंक में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। बताया जा रहा है कि वह जानी-मानी पत्रकार और यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन थीं।
वहीं, मानस बाजपेई SBI में कर्मचारी था। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था और वह अपनी अविवाहित बहन शीबा के साथ हुसड़िया चौराहे के पास किराए के मकान में रहता था।
जानकारी के अनुसार, दिव्या मिश्रा और मानस बाजपेई की शादी करीब 12 साल पहले हुई थी। दोनों की कोई संतान नहीं थी। पारिवारिक विवाद के चलते पति-पत्नी पिछले करीब एक साल से अलग रह रहे थे।
बताया जा रहा है कि दिव्या ने पति से तलाक के लिए करीब एक साल पहले अदालत में याचिका दायर की थी। इसके बाद वह आलमबाग इलाके में अलग रहने लगी थीं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे मानस बाजपेई ने दिव्या को फोन कर ICICI बैंक के बाहर बुलाया। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई। इसी दौरान मानस ने दिव्या पर गोली चला दी।
गोली लगने के बाद दिव्या गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
दिव्या पर गोली चलाने के बाद मानस मौके से फरार हो गया और अपने घर पहुंचा। वहां उसने अपनी बहन शीबा को भी गोली मार दी। इसके बाद उसने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के पहुंचने तक तीनों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात से पहले मानस ने कथित तौर पर WhatsApp स्टेटस लगाया था। इसमें उसने पत्नी पर धोखा देने का आरोप लगाया और खुद को तथा अपनी बहन को मारने की बात लिखी थी।
इस स्टेटस को पुलिस जांच में अहम साक्ष्य मानकर देख रही है। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपी के आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही गोमतीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा पति-पत्नी के बीच हुई बातचीत और घटना से पहले की गतिविधियों को समझने के लिए कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर पारिवारिक विवाद को वारदात की वजह माना जा रहा है, लेकिन हत्या और आत्महत्या के पीछे की पूरी कहानी जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।