

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Lured under the pretext of offering help, two brothers were kidnapped and robbed of cash and jewelry; 6 accused arrested.
भिलाई। भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र में डौंडी लोहारा निवासी दो युवकों का अपहरण कर लूटपाट करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में दो बालिग आरोपियों सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गिरोह के दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। गिरफ्तार आरोपियों में चार नाबालिग भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, डौंडी निवासी करण कुरें अपने बुआ के बेटे दिव्य बंदे के साथ एक बाइक और बिना नंबर की स्कूटी लेकर भिलाई आया था। 3 जुलाई की तड़के करीब 4:30 बजे गदा चौक के पास स्कूटी खराब हो गई। इसी दौरान दो युवक मदद के बहाने पहुंचे। बातचीत के दौरान करण ने बताया कि उसने स्कूटी बैंक सीजिंग से खरीदी है। इसके बाद 15 हजार रुपए में स्कूटी खरीदने की बात तय हुई, लेकिन आरोपियों ने अपने चार अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया।
आरोपियों ने करण और दिव्य पर स्कूटी चोरी करने का आरोप लगाते हुए दोनों को जबरन सेक्टर-6 स्थित साईं मंदिर के पास ले जाकर मारपीट की। इसके बाद उनसे चांदी की अंगूठी, चांदी का ब्रेसलेट, स्कूटी, दो मोबाइल फोन, पर्स में रखे 5 हजार रुपए नकद और जरूरी दस्तावेज लूट लिए। आरोपियों ने करण के मोबाइल से ऑनलाइन 18 हजार रुपए भी अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए।
लूटपाट के बाद आरोपी दोनों युवकों को पुलगांव चौक ले गए, जहां चाकू दिखाकर शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने करण से चाकू के दम पर चोरी की स्कूटी बेचने का झूठा कबूलनामा भी वीडियो में रिकॉर्ड कराया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर दोनों को छोड़ दिया।
घटना के बाद करण और दिव्य बाइक से डौंडी लौटे और परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। मामला सुपेला थाना स्थानांतरित होने के बाद पुलिस ने जांच करते हुए दो बालिग आरोपी सोहेल खान और पंकज विश्वकर्मा समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस फरार दो आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।