

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

BJP holds major strategic meeting ahead of Monsoon Session; preparations made to counter every attack by the opposition.
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी मानसून सत्र से पहले भाजपा ने अपनी रणनीति को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नवा रायपुर स्थित सरकारी आवास पर भाजपा विधायक दल की अहम बैठक आयोजित की गई। शाम करीब सात बजे शुरू हुई यह बैठक रात लगभग दस बजे तक चली, जिसमें प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव सहित सभी भाजपा विधायक शामिल हुए।
13 जुलाई से शुरू होने वाला विधानसभा का मानसून सत्र राजनीतिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है। सत्र के दौरान सरकार और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक होने के संकेत हैं। अब तक विभिन्न विषयों पर विधायकों की ओर से 1,033 प्रश्न लगाए जा चुके हैं, जिससे सदन में व्यापक चर्चा की संभावना है।
बैठक में कानून व्यवस्था, किसानों से जुड़े मुद्दे, नकटी भूमि विवाद, बिजली-पानी की उपलब्धता और सड़क निर्माण जैसे विषयों पर विपक्ष की संभावित रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। इन मुद्दों पर सरकार का पक्ष प्रभावी ढंग से रखने और विपक्ष के आरोपों का तथ्यात्मक जवाब देने की तैयारी की गई।
राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा है कि विपक्ष मानसून सत्र के दौरान सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव ला सकता है। इसके अलावा विभिन्न मुद्दों को लेकर लगातार स्थगन प्रस्ताव पेश करने की भी संभावना जताई जा रही है। भाजपा विधायक दल की बैठक में इन सभी संभावित परिस्थितियों से निपटने को लेकर रणनीति तैयार की गई।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से स्पीकर हाउस पहुंचकर मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक चर्चा हुई। इस दौरान मानसून सत्र की तैयारियों, सदन के सुचारु संचालन और विभिन्न संसदीय विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।