

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG News: Four people drown in a river in Surajpur, including three minors; village plunged into mourning
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। विश्रामपुर थाना क्षेत्र के सरस्वतीपुर गांव में नदी में नहाने गए चार लोगों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में तीन नाबालिग और एक युवक शामिल हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, वहीं मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर चारों के शव बाहर निकाले।
जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला सूरजपुर जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सरस्वतीपुर गांव का है। बताया जा रहा है कि चारों मृतक शुक्रवार को भी नदी घूमने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मोबाइल से वीडियो भी रिकॉर्ड किया था। शनिवार सुबह चारों एक बार फिर नदी पर पहुंचे। वे अपने साथ दो झोलों में कपड़े भी लेकर आए थे।
बताया जा रहा है कि चारों नदी में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और एक के बाद एक डूबने लगे। नदी की गहराई का सही अंदाजा नहीं होने के कारण चारों की जान चली गई। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को दी। इसके बाद विश्रामपुर पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने नदी में तलाश और बचाव अभियान शुरू किया। कुछ घंटों की मशक्कत के बाद चारों के शव गहरे पानी से बाहर निकाल लिए गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतकों में शामिल दो बच्चे अपनी मौसी के घर सरस्वतीपुर गांव आए हुए थे। इसी दौरान वे गांव के एक ग्रामीण और एक अन्य नाबालिग के साथ शनिवार सुबह नदी में नहाने पहुंचे थे। नहाने के दौरान हुए इस हादसे में चारों की मौत हो गई।
एक साथ चार लोगों की मौत से सरस्वतीपुर गांव में मातम पसरा हुआ है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और घटना के संबंध में आगे की जांच की जा रही है।