

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

MP News: Goldsmith swindled of ₹26 lakh via fake gold coins; fraudster duped him after winning his trust over several months.
आष्टा। सीहोर नगर के बुधवारा क्षेत्र में एक स्वर्णकार के साथ 26 लाख रुपये से अधिक की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन शातिर ठगों ने महीनों तक विश्वास का संबंध बनाकर नकली सोने के सिक्कों के जरिए लाखों रुपये की ठगी को अंजाम दिया और फरार हो गए। घटना के बाद व्यापारिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
ग्राहक बनकर बढ़ाया संपर्क, फिर दिया ठगी को अंजाम
जानकारी के अनुसार बुधवारा निवासी स्वर्णकार गिरिराज सोनी के पास कुछ समय पहले एक व्यक्ति ग्राहक बनकर पहुंचा था। आरोपी ने धीरे-धीरे छोटे-बड़े लेन-देन के माध्यम से स्वर्णकार का विश्वास जीत लिया। इसके बाद उसने कथित रूप से सोने के सिक्के बेचने का प्रस्ताव रखा और उन्हें असली सोना बताकर सौदा कर लिया।
22 लाख नकद और लाखों के आभूषण लेकर हुए फरार
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने सोने के सिक्कों के बदले करीब 22 लाख रुपये नकद और लगभग 5 से 6 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण हासिल कर लिए। बाद में जब सिक्कों की जांच कराई गई तो वे नकली निकले। इस तरह कुल ठगी की राशि 26 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में तीन संदिग्ध व्यक्तियों की भूमिका सामने आई है, जिनकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय हैं।
व्यापारियों में चिंता, जल्द गिरफ्तारी की मांग
घटना के बाद नगर के स्वर्णकारों और व्यापारियों में चिंता का माहौल है। व्यापारिक संगठनों ने इस तरह की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
बिना जांच-पड़ताल न करें बड़ा सौदा
व्यवसायियों से अपील की गई है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ बड़ी राशि या कीमती धातुओं का लेन-देन करने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल करें। साथ ही सोने-चांदी की शुद्धता की पुष्टि किए बिना कोई बड़ा सौदा न करें।
जल्द होगी आरोपियों की गिरफ्तारी : थाना प्रभारी
आष्टा थाना प्रभारी गिरीश दुबे ने बताया कि पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।