

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

MP News: Major Jabalpur Education Department scam, embezzlement of Rs 1.11 crore exposed; FIR against 14
जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में शिक्षा विभाग से जुड़े एक बड़े वित्तीय घोटाले का खुलासा हुआ है। पनागर विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) कार्यालय में वर्ष 2018 से 2026 के बीच 1 करोड़ 11 लाख 45 हजार 914 रुपए की हेराफेरी सामने आई है। मामले में तीन शिक्षकों समेत कुल 14 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
डेटा रिपोर्ट से खुली पोल
भोपाल स्थित कोष लेखा विभाग से मिली संदिग्ध ट्रांजेक्शन की जानकारी के बाद यह मामला सामने आया। इसके आधार पर कलेक्टर के निर्देश पर जांच शुरू की गई, जिसमें करोड़ों रुपए के गबन का खुलासा हुआ।
फर्जी नामों पर निकाला जाता था वेतन
जांच में पाया गया कि अतिथि शिक्षकों के नाम पर वर्षों से वेतन निकाला जा रहा था। चौंकाने वाली बात यह रही कि जिन लोगों के नाम पर भुगतान किया गया, उनमें कई रिटायर कर्मचारी और ऐसे लोग भी शामिल थे, जो कभी नौकरी में रहे ही नहीं।
अकाउंटेंट ने रचा पूरा खेल
मामले में मुख्य आरोपी अकाउंटेंट विजय कुमार भलावी बताया जा रहा है, जो 2016 से पनागर ब्लॉक में पदस्थ था। उसने फर्जी वेंडर बनाकर और बैंक डिटेल्स में बदलाव कर सरकारी राशि अपने परिवार और सहयोगियों के खातों में ट्रांसफर कर दी। जांच में सामने आया कि यह रकम 16 अलग-अलग खातों में भेजी गई।
परिवार और अधिकारियों के खातों में पहुंची रकम
जिन खातों में पैसे ट्रांसफर किए गए, उनमें आरोपी की पत्नी और बेटियों के अलावा कुछ पूर्व शिक्षा अधिकारी और अन्य सहयोगी शामिल हैं। सभी खातों में लाखों रुपए जमा होने की पुष्टि हुई है।
सॉफ्टवेयर से छेड़छाड़ कर किया गबन
जांच समिति ने बताया कि ट्रेजरी सॉफ्टवेयर में छेड़छाड़ कर फर्जी वेंडर बनाए गए और भुगतान की प्रक्रिया को गलत तरीके से संचालित किया गया। यह शासकीय राशि का सीधा गबन है।
सख्त कार्रवाई के निर्देश
पनागर बीईओ सोनम कटारे की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रशासन का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।