

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Major anti-encroachment drive in Raipur; action taken against more than 50 shopkeepers.
रायपुर। शहर में सड़क और फुटपाथ पर कब्जा कर कारोबार करने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस और नगर निगम ने संयुक्त अभियान चलाया। कोतवाली चौक से जयस्तंभ चौक तथा लोधीपारा चौक से मंडी गेट मार्ग तक की गई कार्रवाई में 50 से अधिक दुकानदारों को हटाया गया। टीम ने सार्वजनिक रास्तों पर रखा सामान जब्त करने के साथ जुर्माना भी वसूला।अभियान के दौरान सड़क किनारे सामान फैलाकर यातायात में बाधा पैदा करने वाले कारोबारियों पर विशेष कार्रवाई की गई। कोतवाली चौक से जयस्तंभ चौक के बीच चार ठेले, 12 टेबल, 15 कपड़ा स्टैंड, पांच फ्लेक्स बोर्ड और तिरपाल स्टैंड जब्त किए गए। संबंधित दुकानदारों से करीब चार हजार रुपये का जुर्माना भी वसूल किया गया।
लोधीपारा चौक से मंडी गेट की ओर जाने वाले मार्ग पर सड़क किनारे बनाए गए तीन अस्थायी अवैध कब्जों को बुलडोजर की मदद से हटाया गया। इसके अलावा 11 दुकानों से अनधिकृत प्रचार सामग्री भी जब्त की गई। नगर निगम और यातायात पुलिस ने दुकानदारों को दोबारा सड़क अथवा फुटपाथ पर सामान नहीं रखने की चेतावनी दी। अधिकारियों ने साफ किया कि यातायात व्यवस्था बाधित करने वाले अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
जोन सात की स्वास्थ्य, नगर निवेश और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने रामनगर के कर्मी चौक तथा आसपास के इलाके में भी कार्रवाई की। सड़क पर बाधा पैदा करने और गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों पर कुल 35 हजार रुपये का ई-चालान किया गया।अभियान के दौरान व्यावसायिक संपत्तियों का पुनर्मूल्यांकन भी किया गया। जांच में एक संपत्ति के संपत्तिकर में 1 लाख 42 हजार 414 रुपये की वृद्धि दर्ज की गई। बढ़े हुए कर की वसूली के लिए संबंधित संपत्ति मालिकों को नोटिस जारी किए गए हैं।
संयुक्त टीम ने दुकानदारों को सड़क और आसपास के सार्वजनिक क्षेत्र को बाधामुक्त रखने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक रास्तों पर सामान रखकर यातायात प्रभावित करने या गंदगी फैलाने की स्थिति में आगे भी कार्रवाई की जाएगी।