

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Major campaign in Chhattisgarh to mark PM Modi’s 25 years: ‘Seva Jyoti Yatra’ in every assembly constituency; ‘Rangoli’ depicting development schemes to be created at the block level.
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ में विशेष अभियान चलाएगी। भाजपा इसे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में मना रही है। अभियान के तहत 7 अक्टूबर को प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी। यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्री, विधायक और सांसद सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में सोमवार को कृषि मंत्री रामविचार नेताम और पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अभियान की जानकारी दी। नेताम ने बताया कि मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इसे लेकर देशभर में एक महीने तक अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
7 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ की सभी विधानसभा सीटों में सेवा ज्योति यात्रा निकाली जाएगी। प्रत्येक विधानसभा में किसी बड़े शहर या प्रमुख स्थान को यात्रा का केंद्र बनाया जाएगा। इसमें भाजपा के जनप्रतिनिधियों के साथ आम लोगों की भी भागीदारी होगी।
यात्रा के बाद लोगों को ‘विकसित भारत’ के निर्माण में योगदान देने का संकल्प दिलाया जाएगा। इसके साथ ही जिला स्तर पर सेवा ज्योति कलश यात्रा भी शुरू की जाएगी।
सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेश के प्रत्येक ब्लॉक में 7 अक्टूबर को बड़ी रंगोली बनाई जाएगी। इसमें केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा।
भाजपा के अनुसार, रंगोली के माध्यम से लोगों को केंद्र सरकार की योजनाओं से पिछले वर्षों में हुए विकास कार्यों और उनके प्रभाव की जानकारी दी जाएगी।
राजधानी रायपुर में चार विधानसभा क्षेत्र होने के कारण यहां विशेष और बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। भाजपा ने बताया कि इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने बताया कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देश के नाम संबोधन भी होगा। भाजपा इस दिन को विशेष दिवस के तौर पर मना रही है।
नेताम ने कहा कि 2014 में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में सरकार बनने के बाद किसानों सहित विभिन्न क्षेत्रों में कई योजनाओं और विकास कार्यों को आगे बढ़ाया गया। उन्होंने दावा किया कि इन योजनाओं का असर अलग-अलग क्षेत्रों में दिखाई दे रहा है और वैश्विक स्तर पर भारत का सम्मान भी बढ़ा है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कृषि मंत्री रामविचार नेताम से धान खरीदी से पहले गिरदावरी को लेकर उठ रहे सवालों पर भी पूछा गया। उन्होंने कहा कि गिरदावरी में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। विभाग इसकी लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है।
उन्होंने बताया कि धान खरीदी को लेकर अधिकारी भी लगातार समीक्षा कर रहे हैं और समय-समय पर इसकी स्थिति की निगरानी की जा रही है।
SIR को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर रामविचार नेताम ने कहा कि सरकार कांग्रेस के कहने के अनुसार काम नहीं करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की ओर से जो निर्देश दिए जाएंगे, उसी के अनुसार काम किया जाएगा।
युवा कांग्रेस के चुनाव को लेकर कांग्रेस के भीतर उठ रहे सवालों पर भी रामविचार नेताम ने कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में अंदरूनी विवाद की स्थिति बनी हुई है।
नेताम ने तंज कसते हुए कहा, “कांग्रेस में छेद ही छेद है और जूतम-पैजार की स्थिति है।” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में पहले भी नेता एक-दूसरे के कपड़े फाड़ते थे और अभी भी पार्टी में इसी तरह की स्थिति बनी हुई है।