

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Major incident at a private hospital in Raipur; fire breaks out following an AC blast in the operation theatre.
राजधानी के जल विहार कॉलोनी रोड स्थित स्वास्तिक नर्सिंग होम में बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल की पहली मंजिल पर बने ऑपरेशन थिएटर यानि ओटी में लगे एसी में ब्लास्ट होने के बाद आग लग गई। आग ने देखते ही देखते ओटी में रखे कीमती उपकरणों को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि, इसमें गनीमत ये रही कि कोई जनहानि नहीं हुई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ओटी में लगी एसी में अचानक ब्लास्ट हुआ और आग लग गई। उस वक्त ओटी से लगे चेंजिंग रूम में स्टाफ मौजूद था, जिसने तुरंत अन्य कर्मचारियों को सूचना दी। आग तेजी से ऑपरेशन टेबल, मशीनों और अन्य सामान तक फैल गई। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल दमकल विभाग और एंबुलेंस को इसकी सूचना दी।
आपको बता दें, कि आग से निकले घने धुएं से अस्पताल का पूरा फ्लोर भर गया, जिसके कारण बिजली बंद करनी पड़ी। इस हादसे के वक्त एक अच्छी बात ये रही, कि हादसे के वक्त ओटी में किसी मरीज का ऑपरेशन नहीं चल रहा था। एहतियात के तौर पर बगल के आईसीयू में भर्ती 10 से 12 मरीजों को तुरंत बाहर निकालकर पास के दूसरे निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
जानकारी यह भी मिली है, कि आग ओटी से चेंजिंग रूम तक फैल गई थी। घटना के बाद ओटी की दीवारों और छत पर कालिख की मोटी परत जम गई। ऑपरेशन टेबल, एनेस्थीसिया मशीन, स्टील की ट्रालियां और दीवारों पर लगे उपकरण व बिजली के तार बुरी तरह झुलस गए हैं। फर्श पर जले हुए सामान और मलबा बिखरा पड़ा है। आग से उपकरणों को भारी नुकसान हुआ है।
आग लगने की इस घटना के बाद स्वास्तिक नर्सिंग होम के मैनेजर चेतन पाल ने बताया, कि अस्पताल की फायर NOC वैध है और अग्निशमन प्रणाली चालू हालत में थी। इसी व्यवस्था की मदद से आग पर नियंत्रण पाया गया। पहली नजर में ऐसा दिख रहा है, कि AC ब्लास्ट होने से ये आग लगी है। इस आग लगने के वास्तविक कारण और अग्नि सुरक्षा इंतजामों की स्थिति की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
-