

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Major operation against Naxal dump in Sukma; 23 weapons and 492 live cartridges recovered.
सुकमा। सुकमा जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। आत्मसमर्पित नक्सलियों से प्राप्त महत्वपूर्ण इंटेलिजेंस के आधार पर 24 अगस्त 2026 को थाना भेज्जी क्षेत्र के ग्राम भण्डारपदर एवं मुनुरकोंडा के जंगल-पहाड़ी इलाके में संयुक्त एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री का डम्प बरामद किया गया।
सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों ने कुल 23 हथियार बरामद किए। इनमें 1 SLR रायफल, 1 .315 बोर रायफल, 1 .410 मस्केट रायफल, 6 BGL लॉन्चर, 1 सिंगल शॉट रायफल, 1 .315 बोर देशी कट्टा, 5 नग 12 बोर रायफल और 7 भरमार बंदूकें शामिल हैं। इसके अलावा SLR और .303 की मैगजीन भी बरामद हुई हैं।
नक्सल डम्प से बड़ी मात्रा में जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए। कुल 492 जिंदा राउंड में AK-47 के 45, SLR के 196, INSAS के 89, .303 रायफल के 97, .315 रायफल के 20 और 12 बोर के 45 राउंड शामिल हैं। इसके साथ ही 66 BGL कार्ट्रिज भी बरामद किए गए।
सुरक्षा बलों को डम्प से बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री भी मिली है। इसमें 240 जिलेटिन स्टिक, 18 किलोग्राम गन पाउडर, 5 देशी हैंड ग्रेनेड और बड़ी संख्या में BGL सेल शामिल हैं। बरामद BGL सेल में 8 बड़े, 23 मीडियम और 58 छोटे सेल शामिल हैं। इसके अलावा 8 BGL मुंडी और 6 एक्सीलेटर प्लग भी बरामद किए गए।
डम्प से हथियार और विस्फोटकों के अलावा नक्सली उपयोग की कई अन्य सामग्रियां भी बरामद हुई हैं। इनमें 18 मैगजीन पाउच, 7 BGL पाउच, 7 जोड़ी काली वर्दी, 10 कमर पाउच, 54 कमर बेल्ट, 11 व्हिसिल गार्ड, 7 मंकी कैप, 2 वेल्डर शील्ड, 2 सोलर प्लेट, 7 पिट्टू बैग और अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री शामिल है। पुलिस के अनुसार दवाइयां और अन्य सामग्री भी डम्प से मिली है।
यह अभियान जिला बल, DRG और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने संचालित किया। टीम ने भण्डारपदर के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सघन सर्चिंग के दौरान डम्प का पता लगाया और बरामद सामग्री को सुरक्षित तरीके से कब्जे में लिया। मामले में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई जारी है।
सुकमा पुलिस के अनुसार, जिले में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण बनाए रखने के लिए नक्सलियों द्वारा जंगलों और दुर्गम क्षेत्रों में छिपाकर रखे गए हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक एवं अन्य सामग्री के डम्प की तलाश लगातार जारी रहेगी। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में क्षेत्र में एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग अभियान आगे भी संचालित किए जाएंगे।