

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Major police action in the case of the mistreatment of a female student in Jamui... prime accused Nandan Yadav arrested after an encounter.
पटना। जमुई में नाबालिग छात्रा से बदसलूकी और घटना का वीडियो वायरल करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार तड़के पुलिस ने प्रतापपुर गांव के पास घेराबंदी कर मुख्य आरोपी नंदन यादव और हरेराम यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान नंदन ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। वहीं, भागने की कोशिश के दौरान हरेराम गिर गया, जिससे उसके पैर में चोट आई।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 5 बजे सूचना मिली थी कि मामले के मुख्य आरोपी प्रतापपुर गांव के बाहर किउल नदी के बहियार इलाके में छिपे हुए हैं। इसके बाद एसआईटी ने इलाके की घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखते ही हरेराम यादव भागने लगा और गिर गया। उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।पूछताछ के दौरान पुलिस को नंदन के झाड़ियों में छिपे होने की जानकारी मिली। टीम जब उसकी तलाश में आगे बढ़ी तो उसने कथित तौर पर पुलिस पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें नंदन के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर जमुई सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पुलिस की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, 19 सितंबर की शाम 10वीं कक्षा की छात्रा अपने दोस्त के साथ मड़वा पहाड़ी के पास फोटो शूट के लिए गई थी। इसी दौरान कुछ युवकों ने दोनों को घेर लिया। आरोप है कि छात्र के साथ मारपीट की गई और छात्रा के साथ बदसलूकी करते हुए उसे जबरन ले जाने की कोशिश की गई।पुलिस की जांच में सामने आया कि नंदन यादव ने छात्रा के साथ आपत्तिजनक हरकत की थी, जबकि हरेराम यादव पर अश्लील टिप्पणी करने का आरोप है।घटना के दौरान रामाशीष चौधरी ने वीडियो बना लिया था। इसके बाद 20 सितंबर की शाम वीडियो को सोशल मीडिया पर डाल दिया गया। जांच में कुंदन कुमार और फैयाज अहमद के नाम भी वीडियो को आगे फैलाने वालों में सामने आए।
घटना का वीडियो पुलिस तक 21 सितंबर को पहुंचा। इसके बाद छात्रा के फर्द बयान के आधार पर जमुई थाना और साइबर थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों की पहचान शुरू कर कार्रवाई की।पुलिस के अनुसार, अब तक इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा तीन नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है। मामले में कुल सात आरोपियों की पहचान किए जाने की बात सामने आई है।
नंदन यादव पर छात्रा को पकड़ने और उसके साथ आपत्तिजनक हरकत करने का आरोप है। हरेराम यादव पर मौके पर मौजूद रहकर अश्लील टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया है।रामाशीष चौधरी पर घटना का वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का आरोप है। कुंदन कुमार और फैयाज अहमद घटनास्थल पर मौजूद नहीं थे, लेकिन पुलिस के अनुसार दोनों वीडियो को वायरल करने में शामिल रहे।तीन नाबालिगों के भी घटनास्थल पर मौजूद रहने और छात्रा के साथ बदसलूकी करने वालों में शामिल होने की बात जांच में सामने आई है।
मुख्य आरोपी नंदन यादव के सोशल मीडिया अकाउंट की जांच के दौरान पुलिस को उसकी एक रील भी मिली। बताया गया है कि 15 सितंबर को पोस्ट की गई इस रील में ऐसा गाना इस्तेमाल किया गया था, जिसके बोल पुलिस और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले अंदाज में थे।रील में जमुई के एससी-एसटी थाना परिसर का दृश्य भी दिखाई देने की बात सामने आई है। पुलिस अब आरोपी के सोशल मीडिया गतिविधियों और उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, नंदन यादव और हरेराम यादव शराब तथा बालू के अवैध कारोबार से जुड़े रहे हैं। दोनों के आपराधिक रिकॉर्ड होने की भी जानकारी पुलिस ने दी है। मामले की जांच के साथ पुलिस आरोपियों के पुराने मामलों और आपराधिक गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है।