

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Major terrorist attack in Pakistan: Missile attack on Frontier Corps post in Bajaur, Khyber Pakhtunkhwa, 14 soldiers died
नई दिल्ली। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वाह प्रांत में अफगानिस्तान सीमा से सटे बाजौर जिले में मंगलवार रात बड़ा आतंकी हमला हुआ। मामुंड तहसील स्थित मलंग मदरसे में बने Frontier Corps की पोस्ट को निशाना बनाते हुए आतंकवादी संगठन Tehrik-i-Taliban Pakistan (टीटीपी) ने करीब रात 10:30 बजे छह मिसाइल दागने का दावा किया है।
पोस्ट पूरी तरह तबाह, 14 सैनिकों की मौत
स्थानीय सूत्रों के अनुसार हमले में फ्रंटियर कॉर्प्स की मलंग पोस्ट पूरी तरह तबाह हो गई। अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक 14 सैनिकों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 8 जवानों को मलबे से बाहर निकाला गया है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
मिसाइल घर पर गिरने से दो बच्चों की मौत
बताया जा रहा है कि दागी गई छह मिसाइलों में से एक पास के घर पर गिर गई, जिससे दो बच्चों की मौत हो गई। हमले के कारण आसपास के कई मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। स्थानीय प्रशासन ने इलाके को घेरकर राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया है।
स्वनिर्मित ‘अल-फारूक’ मिसाइल के इस्तेमाल का दावा
टीटीपी ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया है कि उसने खुद तैयार की गई “अल-फारूक” मिसाइलों का इस्तेमाल किया। संगठन ने अपने बयान में 40 सैनिकों के मारे जाने का दावा किया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। टीटीपी ने हमले का वीडियो जारी करने का भी दावा किया है।
आतंकी हमलों के तरीके में बदलाव
पहले यह संगठन ड्रोन और आत्मघाती हमलों के जरिए सुरक्षा बलों को निशाना बनाता था, लेकिन अब सैन्य ठिकानों पर कथित तौर पर स्वनिर्मित मिसाइलों के इस्तेमाल की घटनाएं सामने आ रही हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, अफगानिस्तान में अगस्त 2021 में तालिबान की वापसी के बाद पाकिस्तान में टीटीपी की गतिविधियों में तेजी आई है।
सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं
विशेषज्ञों का मानना है कि यह हमला क्षेत्र में बढ़ती अस्थिरता और सीमा पार से संचालित आतंकी गतिविधियों की गंभीरता को दर्शाता है। फिलहाल पाकिस्तान सरकार की ओर से घटना पर विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार है। सुरक्षा एजेंसियां हमले की जांच में जुटी हैं और इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिए गए हैं।