

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Malaria continues to affect Matringa in Surguja... 44 cases detected in three months... Collector takes charge.
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड स्थित मतरिंगा क्षेत्र में मलेरिया का प्रकोप लगातार चिंता का विषय बना हुआ है। पिछले तीन महीनों में यहां 44 लोगों में मलेरिया पीएफ संक्रमण की पुष्टि हुई है। अधिकांश मरीज इलाज के बाद स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि फिलहाल तीन मरीजों का उपचार जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर अजीत वसंत ने रविवार को प्रभावित गांव का दौरा कर हालात का जायजा लिया।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिए कि मतरिंगा सहित आसपास के सभी संवेदनशील गांवों में घर-घर जाकर स्वास्थ्य सर्वे किया जाए। उन्होंने कहा कि संदिग्ध मरीजों की तुरंत जांच हो और संक्रमित मिलने पर बिना देरी इलाज शुरू किया जाए। साथ ही पूरे क्षेत्र की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इस क्षेत्र में मलेरिया का पहला मामला 6 मई को सामने आया था। इसके बाद मतरिंगा, मुसरडांड, खर्रानगर और मोकना पहाड़ समेत आसपास के इलाकों में लगातार जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान कुल 44 लोगों में मलेरिया पीएफ संक्रमण की पुष्टि हुई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी.एस. माकों ने बताया कि मई से अब तक मिले 44 मरीजों में अधिकांश पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं। वर्तमान में केवल तीन सक्रिय मरीज हैं, जिनका इलाज जारी है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग लगातार निगरानी कर रहा है और हालात नियंत्रण में हैं।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य कर्मियों के साथ मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, पंचायत सचिव और रोजगार सहायकों को भी अभियान में शामिल किया जाए। प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर स्वास्थ्य जांच की जाए और किसी भी संदिग्ध मरीज को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
प्रशासन ने मलेरिया नियंत्रण के लिए जलभराव वाले स्थानों की पहचान, साफ-सफाई, मच्छर नियंत्रण अभियान और लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी प्रभावित परिवारों को मच्छरदानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने को भी कहा गया है।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने राशन वितरण, सोलर लाइट, बिजली और पुलिया जैसी मूलभूत समस्याओं की जानकारी भी कलेक्टर को दी। इस पर उन्होंने संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई कर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।