

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

'Mangal' look unveiled; Ranbir Kapoor and Sai Pallavi's Ram-Sita avatars grab attention
नमित मल्होत्रा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायणम्’ का नया गाना ‘मंगल रंग’ रिलीज हो गया है। इस गाने में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम और साई पल्लवी माता सीता के रूप में नजर आ रहे हैं। गाने में दोनों के पवित्र प्रेम, विवाह की भव्यता और वनवास के दौरान उनके साथ की भावनात्मक झलक देखने को मिलती है। गाने को संगीतकार ए. आर. रहमान ने कंपोज किया है, जबकि इसके हिंदी बोल डॉ. कुमार विश्वास ने लिखे हैं।

अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल की आवाज ने सजाया गाना
‘मंगल रंग’ के हिंदी वर्जन को अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज दी है। गाने की धुन और इसके दृश्य भगवान श्रीराम और माता सीता के रिश्ते की कोमलता, विश्वास और समर्पण को दिखाते हैं। वहीं, भव्य महल, विवाह के दृश्य और वनवास की झलक फिल्म की दुनिया की एक झलक पेश करते हैं।
गाने में राम और सीता के रिश्ते के अलग-अलग पड़ाव दिखाए गए हैं। विवाह के दृश्यों में उत्सव और पवित्रता का भाव नजर आता है, जबकि वनवास के दृश्य दोनों के एक-दूसरे के प्रति प्रेम और साथ को दर्शाते हैं।
पांच भाषाओं में रिलीज हुआ ‘मंगल रंग’
मेकर्स ने इस गाने को हिंदी के साथ तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में भी रिलीज किया है, ताकि अलग-अलग भाषाओं के दर्शक अपनी भाषा में इस संगीत का आनंद ले सकें।

- हिंदी: अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल
- तमिल: अभय जोधपुरकर और सैंधवी
- तेलुगु: राघव कौशिक और वैशाली सामंत
- कन्नड़: अरमान मलिक और बेला शेंडे
- मलयालम: नरेश अय्यर और अमृता राजन
अलग-अलग भाषाओं के संस्करणों के बोल संबंधित भाषाओं के गीतकारों ने लिखे हैं। गाने के सभी संस्करणों में राम और सीता के रिश्ते से जुड़ी भावनाओं को संगीत के माध्यम से प्रस्तुत करने की कोशिश की गई है।
ए. आर. रहमान और कुमार विश्वास ने क्या कहा?
संगीतकार ए. आर. रहमान ने ‘मंगल रंग’ को अपने लिए खास अनुभव बताया। उनके मुताबिक, राम और सीता के रिश्ते में पवित्रता और सौम्यता है, जिसे उन्होंने संगीत के जरिए बनाए रखने की कोशिश की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि श्रोता इस गाने में प्रेम, भक्ति और अपनापन महसूस करेंगे।

वहीं, डॉ. कुमार विश्वास ने बताया कि भगवान श्रीराम और माता सीता के दिव्य विवाह की भव्यता को शब्दों में पिरोना उनके लिए आसान नहीं था। उन्होंने कई बार गीत लिखने की कोशिश की और अंत में मां सरस्वती से प्रार्थना की। उनके अनुसार, यह रचना उसी आध्यात्मिक भाव का परिणाम है।
अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने भी इस गाने को अपने लिए भावनात्मक अनुभव बताया। दोनों कलाकारों ने उम्मीद जताई कि यह गीत दर्शकों को राम और सीता के प्रेम, विश्वास और समर्पण की अनुभूति कराएगा।
फिल्म में नजर आएंगे रणबीर कपूर, यश और सनी देओल
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायणम्’ में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे।
फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर किया है। फिल्म को दो भागों में रिलीज करने की योजना है।
निर्माताओं की घोषित रिलीज योजना के मुताबिक, ‘रामायणम्’ का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज किया जाना है। फिल्म को हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी है। इसे IMAX में भी रिलीज किया जाएगा।
‘मंगल रंग’ के जरिए फिल्म की कहानी, भव्यता और राम-सीता के रिश्ते की झलक सामने आई है। अब दर्शकों की नजर फिल्म के अगले गानों और इसके बड़े पर्दे पर आने का इंतजार कर रही है।