

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Fire breaks out during effigy burning; Congress workers caught in the flames
बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के देवरबीजा में कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान पुतला दहन करते समय हादसा हो गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाने के दौरान जैसे ही उस पर पेट्रोल डाला गया, आग अचानक तेजी से भड़क उठी। इसकी चपेट में मौके पर मौजूद कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता आ गए। घटना के बाद प्रदर्शन स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस कमेटी की ओर से देवरबीजा में बढ़ते बिजली बिल और मुख्य निर्वाचन अधिकारी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया था। कार्यक्रम की शुरुआत जनसभा से हुई। इसके बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन की तैयारी की।
पेट्रोल डालते ही भड़की आग
पुतला दहन के दौरान जैसे ही पुतले पर पेट्रोल डाला गया, आग तेजी से भड़क गई। पास में खड़े कुछ कार्यकर्ता इसकी चपेट में आ गए। अचानक हुई इस घटना से मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। हालांकि, घटना में प्रभावित कार्यकर्ताओं को कितनी चोटें आईं और उनकी स्थिति क्या है, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
प्रदर्शन में मौजूद रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता
देवरबीजा में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में पूर्व मंत्री रविंद्र चौबे, पूर्व विधायक गुरदयाल सिंह बंजारे और कांग्रेस जिला अध्यक्ष आशीष छाबड़ा समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।
कांग्रेस ने इस प्रदर्शन के जरिए बढ़ते बिजली बिल को लेकर विरोध दर्ज कराया। वहीं, मुख्य निर्वाचन अधिकारी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ भी नाराजगी जताई गई। पुतला दहन के दौरान हुए हादसे ने कार्यक्रम में अचानक तनावपूर्ण स्थिति पैदा कर दी।