

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Mata Sahib Hasi Devi 200th Birth Anniversary
रायपुर। छत्तीसगढ़ और सिंधी समाज के लिए गौरव का क्षण आने वाला है। शदाणी दरबार, रायपुर की पंचम पीठाधीश पूज्य माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के अवसर पर भारत सरकार ₹200 का स्मारक सिक्का और विशेष स्मारक डाक टिकट जारी करेगी। इसे छत्तीसगढ़ से जुड़े किसी विषय पर जारी होने वाला पहला स्मारक सिक्का बताया जा रहा है।
शदाणी दरबार के नवम पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिर लाल ने बताया कि माता साहिब हासी देवी ने सिंध में नारी शक्ति की रक्षा, समाज सेवा, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और मानव कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए। उनके सेवा, त्याग और समाज सुधार के योगदान को सम्मान देने के लिए भारत सरकार यह ऐतिहासिक कदम उठा रही है।

दरबार के प्रवक्ता नंदलाल साहित्या और उदय साईं ने कहा कि यह केवल शदाणी दरबार ही नहीं, बल्कि देश-विदेश में बसे पूरे सिंधी समाज के लिए गर्व का विषय है। उनका कहना है कि पहली बार सिंधी समाज की किसी महान विभूति के सम्मान में भारत सरकार स्मारक सिक्का और विशेष डाक टिकट जारी कर रही है।
उन्होंने बताया कि इस पहल को साकार करने में शदाणी दरबार से जुड़े सिक्का संग्राहक विक्रम तेजवानी की वर्षों की मेहनत और प्रयासों की अहम भूमिका रही है। स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी करने की परिकल्पना सबसे पहले उन्होंने ही की थी।

प्रसिद्ध मुद्राशास्त्री सुधीर लूणावत के अनुसार, ₹200 मूल्यवर्ग का यह स्मारक सिक्का भारत सरकार की कोलकाता टकसाल में तैयार किया जा रहा है। 35 ग्राम वजन वाले इस सिक्के में 50% चांदी, 40% तांबा, 5% निकल और 5% जस्ता का मिश्रण होगा।

संत डॉ. युधिष्ठिर लाल ने बताया कि इस सप्ताह स्मारक सिक्के का भव्य अनावरण होने की संभावना है। जारी होने के बाद श्रद्धालु और संग्राहक इसे शदाणी दरबार की विभिन्न इकाइयों या कोलकाता टकसाल की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से बुक कर प्राप्त कर सकेंगे।