

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

'Mechanic Electric Vehicle' trade launched for the first time at the ITI in Jijamgaon, Dhamtari; youth to gain new employment opportunities.
Dhamtari News: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। नवीन शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (ITI), जीजामगांव में सत्र 2026-27 से पहली बार मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल (MEV) ट्रेड का प्रथम बैच शुरू किया गया है। खास बात यह है कि यह जीजामगांव ITI का भी पहला प्रशिक्षण सत्र है।
इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते उपयोग और ऑटोमोबाइल सेक्टर में तेजी से हो रहे तकनीकी बदलावों को देखते हुए मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल ट्रेड युवाओं के लिए रोजगार की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस प्रशिक्षण के जरिए युवाओं को ई-व्हीकल की आधुनिक तकनीक का व्यावहारिक ज्ञान मिलेगा।

मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल दो वर्षीय पाठ्यक्रम है। इसमें प्रशिक्षणार्थियों को बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (BMS), मोटर कंट्रोल, चार्जिंग सिस्टम, इलेक्ट्रिक वाहन सर्विसिंग और फॉल्ट डायग्नोसिस जैसी तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण को व्यावहारिक और उद्योग आधारित बनाया गया है, ताकि पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद युवा इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र में काम करने के लिए आवश्यक तकनीकी दक्षता हासिल कर सकें।
मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल ट्रेड वर्तमान में छत्तीसगढ़ के चुनिंदा 5 शासकीय ITI संस्थानों में ही संचालित है। ऐसे में जीजामगांव ITI में इस ट्रेड की शुरुआत धमतरी जिले के युवाओं के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ अधिकृत सर्विस सेंटर, ई-व्हीकल निर्माण कंपनियां, चार्जिंग स्टेशन और बैटरी से जुड़ी सेवा इकाइयों में प्रशिक्षित तकनीशियनों की मांग बढ़ने की संभावना है।
प्रशिक्षित युवा नौकरी के अलावा अपना ई-व्हीकल सर्विस सेंटर या तकनीकी सेवा केंद्र शुरू कर स्वरोजगार भी स्थापित कर सकते हैं।
जीजामगांव क्षेत्र में फॉरेस्ट पार्क, फूड पार्क सहित विभिन्न विकास एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी क्रम में नवीन ITI की स्थापना को क्षेत्र के युवाओं के लिए तकनीकी प्रशिक्षण और रोजगार के अवसरों से जोड़कर देखा जा रहा है। हाल ही में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने नवीन ITI भवन के लिए चिह्नित भूमि का निरीक्षण भी किया था।

जिला धमतरी की नोडल संस्था शासकीय ITI कुरूद के प्राचार्य योगेश देवांगन ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र में बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए इस नवीन ट्रेड में प्रवेश लेकर तकनीकी प्रशिक्षण का लाभ उठाएं।
जीजामगांव ITI में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीयन और चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के बाद मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए शासकीय ITI कुरूद से संपर्क किया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष 23 सितंबर को ग्राम करेली बड़ी में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धमतरी जिले के लिए 83 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की घोषणा की थी। इनमें जीजामगांव में नवीन शासकीय ITI की स्थापना भी शामिल थी।