

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Mexico Train Accident: Major train accident in Mexico: 13 died, over 100 injured
मेक्सिको। मेक्सिको के दक्षिणी राज्य ओक्साका में एक बड़ा रेल हादसा हो गया। सोमवार को एक यात्री ट्रेन की कई बोगियां पटरी से उतर गईं, जिसके चलते कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 100 लोग घायल हो गए। हादसा चिवेला और निज़ांडा शहर के बीच हुआ।
मैक्सिकन नौसेना ने दी जानकारी
मेक्सिको रेलवे लाइन का संचालन कर रही मैक्सिकन नौसेना ने बताया कि, ट्रेन में कुल 250 लोग सवार थे। इनमें 9 चालक दल के सदस्य और 241 यात्री शामिल थे। 193 लोग सुरक्षित हैं। 98 लोग घायल हुए इनमें से 36 को चिकित्सकीय सहायता दी जा रही है नौसेना के मुताबिक 13 लोगों की मौके पर मौत हो गई।

राष्ट्रपति ने जताया दुख
मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हादसे पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि 5 घायलों की हालत गंभीर है। साथ ही मृतकों के परिजनों की मदद के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को घटनास्थल पर भेजा गया है।
महत्वाकांक्षी रेल परियोजना का हिस्सा है यह लाइन
यह रेलवे लाइन, तत्कालीन राष्ट्रपति एंड्रेस मैनुअल लोपेज़ ओब्रेडोर की एक बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजना का हिस्सा है। 2023 में इसका उद्घाटन किया गया था। यह इंटरओशनिक कॉरिडोर प्रोजेक्ट के तहत बनाई गई है, जो तेहुआंतेपेक के इस्थमस क्षेत्र में पैसिफिक पोर्ट सलीना क्रूज को खाड़ी तट पर कोएत्जाकोआल्कोस से जोड़ती है।

इसी मार्ग पर पहले भी हुआ हादसा
20 दिसंबर को इसी मार्ग पर एक ट्रेन, पटरी पार करने की कोशिश कर रहे एक मालवाहक ट्रक से टकरा गई थी। हालांकि उस घटना में किसी की मौत नहीं हुई थी।
घटना के कारणों की जांच जारी
अधिकारियों ने बताया कि हादसे के सही कारणों की जांच की जा रही है। राहत और बचाव कार्य जारी है और घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।