

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Miscreants disguised as women arrived at a jewelry shop; a broad-daylight robbery attempt was thwarted by the owner's bravery.
कोरबा। कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरी कस्बे में एक ज्वेलरी दुकान में दिनदहाड़े लूट की कोशिश से सनसनी फैल गई। ग्राहक बनकर पहुंचे तीन बदमाशों ने मिर्च पाउडर, कट्टा और चाकू के दम पर दुकान लूटने की योजना बनाई थी, लेकिन संचालक के साहसिक विरोध के चलते उनकी पूरी साजिश नाकाम हो गई। घबराए आरोपी मौके पर कट्टा और बाइक छोड़कर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार कोरबा मुख्य मार्ग पर स्थित राज ज्वेलर्स में दोपहर करीब एक बजे तीन लोग ग्राहक बनकर पहुंचे। इनमें से एक बदमाश सलवार-सूट पहनकर महिला के वेश में था और उसने चुनरी से अपना चेहरा ढंक रखा था।तीनों ने पहले सोने के आभूषण दिखाने की बात कही। जैसे ही दुकान संचालक राजकुमार अग्रवाल और वहां मौजूद कर्मचारी जेवर निकालने लगे, आरोपियों ने अचानक हमला कर दिया।
एक बदमाश ने संचालक और कर्मचारियों की आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया। इसके बाद दो आरोपियों ने कट्टा और चाकू दिखाकर सभी को डराने का प्रयास किया, जबकि महिला के वेश में मौजूद तीसरा साथी शोकेस से जेवर समेटने लगा।
लूट की वारदात अपनी आंखों के सामने होते देख दुकान संचालक राजकुमार अग्रवाल ने साहस दिखाते हुए बदमाशों का मुकाबला किया। इस दौरान एक आरोपी ने उन पर चाकू से हमला किया, लेकिन उन्होंने बचाव करते हुए दो बदमाशों को पकड़ लिया।खुद को छुड़ाने के दौरान एक आरोपी ने संचालक के हाथ पर दांत से काट लिया। इसी बीच दुकान में शोर मचने लगा, जिससे घबराकर तीनों आरोपी भाग निकले।
भागते समय आरोपी अपना कट्टा और दुकान के बाहर खड़ी बाइक भी वहीं छोड़ गए। हालांकि वे शोकेस में रखे कुछ सोने-चांदी के आभूषण और आर्टिफिशियल ज्वेलरी लेकर फरार होने में सफल रहे। दुकान में रखे अधिकांश कीमती जेवर सुरक्षित बच गए।
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना प्रभारी एमबी पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल की जांच कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।बाद में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने भी मौके का निरीक्षण कर अधिकारियों से पूरी जानकारी ली। उन्होंने बताया कि ज्वेलरी दुकान में लूट के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।