

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Mourning in Delhi during a child's 'Chhathi' ceremony... father stabbed to death in a dispute over a ₹51,000 ceremonial gift... two arrested.
नई दिल्ली। कल्याणपुरी इलाके में 15 दिन पहले जन्मे बच्चे की छठी और नामकरण समारोह के दौरान ऐसा विवाद हुआ, जिसने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। आरोप है कि नेग की रकम को लेकर हुए विवाद में एक किन्नर और उसके साथी ने बच्चे के पिता जय सिंह पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल जय सिंह की अस्पताल में मौत हो गई।मृतक कल्याणपुरी के 11 ब्लॉक में परिवार के साथ रहते थे और राजमिस्त्री का काम करते थे। करीब डेढ़ साल पहले उनकी शादी हुई थी। परिवार में पत्नी, नवजात बेटा, दो छोटी बहनें और एक भाई हैं।
परिजनों के मुताबिक जय सिंह के ससुर बिट्टू के घर छठी और नामकरण का कार्यक्रम चल रहा था। समारोह में करीब 150 रिश्तेदार मौजूद थे। इसी दौरान दो किन्नर अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचे और कथित तौर पर 51 हजार रुपये नेग की मांग की।परिवार ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई। आरोप है कि इसके बाद विवाद बढ़ गया और किन्नरों की ओर से गाली गलौज तथा अभद्र व्यवहार किया गया। इसी दौरान परिवार के एक सदस्य ने एक किन्नर को थप्पड़ मार दिया।
पुलिस के मुताबिक विवाद के दौरान एक किन्नर ने अपने साथी सोनू के साथ मिलकर जय सिंह पर चाकू से हमला कर दिया। जय के सीने और पेट पर चाकू के दो वार किए गए। हमले के बाद आरोपी वहां से भागने की कोशिश करने लगे।मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई शुरू कर दी। इसी बीच पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
पुलिस को रात करीब 12:46 बजे कल्याणपुरी के 11 ब्लॉक में हंगामे की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो भीड़ दोनों आरोपियों को पीट रही थी। पुलिस ने उन्हें भीड़ से बचाने का प्रयास किया।इस दौरान गुस्साई भीड़ ने पुलिस की बाइक और कार पर पथराव कर दिया, जिससे दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हालात को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। बाद में दोनों आरोपियों को सुरक्षा के बीच जीटीबी अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया।
चाकू के हमले में गंभीर रूप से घायल जय सिंह को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। गुरुवार सुबह पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और इसके बाद परिजनों को सौंप दिया।पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए अर्धसैनिक बलों की तैनाती भी की गई है।अब पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि विवाद किस तरह बढ़ा और हमले में शामिल सभी लोगों की भूमिका क्या थी।