

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Muzaffarpur hospital fire: 6 patients dead, 18 critical in ICU fire; short circuit suspected
मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक निजी अस्पताल में हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। प्रसाद अस्पताल के पांचवीं मंजिल पर स्थित ICU में गुरुवार तड़के करीब तीन बजे आग लग गई, जिससे दम घुटने के कारण छह मरीजों की मौत हो गई। वहीं 18 मरीज गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
घटना के समय ICU में कुल 27 मरीज भर्ती थे। बताया जा रहा है कि अस्पताल में धुआं तेजी से फैल गया, जिससे मरीजों को सांस लेने में भारी दिक्कत हुई। कई परिजनों ने आरोप लगाया कि आग लगने के बाद तत्काल राहत और बचाव व्यवस्था नहीं मिल पाई।
परिजनों के अनुसार आग लगने के दौरान स्मोक अलार्म काम नहीं कर रहा था। स्थिति बिगड़ने पर लोगों को खुद ही दरवाजे और खिड़कियों के शीशे तोड़कर धुआं बाहर निकालना पड़ा। अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार 125 बेड की अनुमति वाले अस्पताल में ICU की निर्धारित क्षमता से अधिक बेड संचालित किए जा रहे थे। आरोप है कि 15 बेड की अनुमति के बजाय लगभग 30 बेड ICU में चल रहे थे।
जिला प्रशासन ने प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया है। डीएम सुब्रत कुमार सेन ने घटना की जांच के लिए अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय समिति गठित की है।
घटना के बाद मृतकों के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि शवों को छिपाने या हटाने की कोशिश की गई, जिसके विरोध में जमकर हंगामा और तोड़फोड़ हुई। स्थिति को नियंत्रित करने में पुलिस को घंटों मशक्कत करनी पड़ी।
अग्निशमन विभाग की ओर से जांच जारी है। वहीं संबंधित थाने में अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फिलहाल घायलों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में जारी है और मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है।