

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

surguja tehsildar tushar manik transferred after mla dispute
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और नायब तहसीलदार तुषार मानिक के बीच हुए विवाद के बाद प्रशासनिक कार्रवाई शुरू हो गई है। सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने नायब तहसीलदार तुषार मानिक को उनके पद से हटाकर अंबिकापुर कलेक्टर कार्यालय में अटैच कर दिया है। वहीं, राजापुर उप तहसील का प्रभार सीतापुर तहसीलदार उमेश बाज को सौंपा गया है।
सूत्रों के अनुसार, इस मामले में SDM फागेश सिन्हा का भी तबादला किया जा सकता है और उनके स्थानांतरण का आदेश आज या सोमवार तक जारी होने की संभावना है।
दरअसल, नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों पर मारपीट का आरोप लगाया था, जिसके बाद विधायक और समर्थकों के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी। दूसरी ओर विधायक टोप्पो ने आरोप लगाया था कि तुषार मानिक ने उनकी चचेरी बहन के साथ अभद्र व्यवहार किया था। दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने काउंटर FIR दर्ज की थी।
मामले ने उस समय तूल पकड़ लिया जब विधायक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदेशभर के करीब 500 तहसीलदार और नायब तहसीलदार हड़ताल पर चले गए। बाद में राजस्व मंत्री के आश्वासन के बाद हड़ताल समाप्त कर दी गई और गुरुवार से सभी अधिकारी-कर्मचारी काम पर लौट आए।
बुधवार को विधायक रामकुमार टोप्पो ने कलेक्टर अजीत वसंत से मुलाकात कर नायब तहसीलदार तुषार मानिक और SDM फागेश सिन्हा को हटाने की मांग की थी। इसके बाद प्रशासन ने तुषार मानिक को हटाने का आदेश जारी कर दिया, जिसे शुक्रवार को सार्वजनिक किया गया।
हड़ताल समाप्त होने के बाद तहसील कार्यालयों में कामकाज सामान्य हो गया है। राजस्व निरीक्षक, पटवारी और तहसील कर्मचारी भी ड्यूटी पर लौट आए हैं, जिससे शुक्रवार को तहसीलों में लोगों की काफी भीड़ देखने को मिली।
गौरतलब है कि विवाद के बाद विधायक रामकुमार टोप्पो ने स्वयं गिरफ्तारी देने की बात कही थी, लेकिन बतौली में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा रोके जाने के कारण उन्होंने गिरफ्तारी नहीं दी। फिलहाल पूरे मामले पर प्रदेशभर की नजर बनी हुई है।