

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

NEET re-exam date announced, Education Minister says exam will be conducted online to prevent paper leaks
नई दिल्ली। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 की दोबारा परीक्षा की नई तारीख घोषित कर दी है। अब यह परीक्षा 21 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। इससे पहले 3 मई को हुई परीक्षा पेपर लीक विवाद के बाद रद्द कर दी गई थी। एनटीए ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट जारी कर इसकी आधिकारिक जानकारी दी। करीब 22 लाख छात्रों के लिए यह घोषणा बड़ी राहत लेकर आई है, जो पिछले कई दिनों से नई परीक्षा तिथि का इंतजार कर रहे थे।
पहली बार शिक्षा मंत्री ने माना- हुआ था पेपर लीक
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहली बार स्वीकार किया कि NEET UG 2026 का पेपर लीक हुआ था। उन्होंने कहा कि 12 तारीख को सरकार को पेपर लीक की जानकारी मिली थी, जिसके बाद निष्पक्षता बनाए रखने के लिए परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया। उन्होंने कहा,“हम नहीं चाहते थे कि कोई गलत उम्मीदवार चयनित हो। इसलिए जिम्मेदारी के साथ परीक्षा रद्द की गई।”
अगले साल से NEET परीक्षा होगी ऑनलाइन
पेपर लीक की घटनाओं को रोकने के लिए सरकार ने बड़ा बदलाव करने का फैसला लिया है। शिक्षा मंत्री ने घोषणा की कि अगले वर्ष से NEET परीक्षा ऑनलाइन मोड में आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य को लेकर संवेदनशील है और परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए सुधार किए जा रहे हैं।
NTA का बचाव, परीक्षा शुल्क भी होगा माफ
हालांकि शिक्षा मंत्री ने पेपर लीक स्वीकार किया, लेकिन उन्होंने NTA का बचाव भी किया। उन्होंने कहा कि एजेंसी ने अब तक सैकड़ों परीक्षाएं सफलतापूर्वक आयोजित करवाई हैं और वह “सुरक्षित हाथों में” है। सरकार ने छात्रों को राहत देते हुए घोषणा की कि दोबारा होने वाली परीक्षा के लिए कोई अतिरिक्त फीस नहीं ली जाएगी। जिन छात्रों ने पहले शुल्क जमा किया था, उन्हें राहत दी जाएगी।
परीक्षा समय में बदलाव, एडमिट कार्ड 14 जून तक
नई परीक्षा के लिए समय में भी बदलाव किया गया है। अब परीक्षा दोपहर 2 बजे से शुरू होकर शाम 5:15 बजे तक चलेगी। छात्रों को अतिरिक्त 15 मिनट का समय दिया जाएगा। एनटीए के अनुसार एडमिट कार्ड 14 जून तक जारी कर दिए जाएंगे।
“माफियाओं को सफल नहीं होने देंगे”- धर्मेंद्र प्रधान
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार पेपर लीक माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) मामले की गहराई से जांच करेगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा,“माफियाओं को सफल नहीं होने देंगे। सरकार ऐसी गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपना रही है।”
शिक्षा मंत्री आवास पर हुई हाई लेवल मीटिंग
री-एग्जाम की तैयारियों की समीक्षा के लिए गुरुवार देर शाम शिक्षा मंत्री के आवास पर उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सचिव (उच्च शिक्षा) विनीत जोशी, सचिव (विद्यालय शिक्षा) संजय कुमार, NTA के महानिदेशक अभिषेक सिंह, CBSE अध्यक्ष, KVS और NVS के अधिकारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक में परीक्षा संचालन, सुरक्षा व्यवस्था और पारदर्शिता बढ़ाने के उपायों पर विस्तृत चर्चा हुई।
सुप्रीम कोर्ट में भी पहुंचा मामला
NEET UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार विपक्ष के निशाने पर है। वहीं सुप्रीम कोर्ट में NTA को भंग करने और शीर्ष न्यायालय की निगरानी में परीक्षा कराने की मांग वाली याचिकाएं भी दायर की गई हैं।