

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Nitish Kumar resigns from the post of Chief Minister, who will be the next CM?
पटना। नीतीश कुमार ने आज मंगलवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने राजभवन में राज्यपाल सैयद अता हसनैन से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंपा। इसके साथ ही बिहार में उनके लंबे कार्यकाल का अंत हो गया और भाजपा नेतृत्व में नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया है।
कल नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे राजभवन में नए मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद का शपथ ग्रहण होगा। इससे पहले भाजपा विधायक दल और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की बैठक में नए नेता का चयन किया जाएगा।
अंतिम कैबिनेट बैठक, मंत्रिमंडल भंग करने की सिफारिश
इस्तीफे से पहले नीतीश कुमार ने मुख्य सचिवालय में मंत्रियों के साथ अंतिम बैठक की। बैठक में कोई एजेंडा पारित नहीं किया गया और प्रेस कॉन्फ्रेंस भी रद्द कर दी गई। सरकार ने राज्यपाल को मंत्रिमंडल भंग करने की सिफारिश भी भेज दी है। बताया जा रहा है कि इस दौरान नीतीश कुमार भावुक नजर आए और अपने संबोधन में कार्यकाल को याद किया।
अंबेडकर प्रतिमा पर दी श्रद्धांजलि
इस्तीफे से पहले नीतीश कुमार ने सुबह बाबासाहेब डॉ. बी.आर. अंबेडकर की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की थी। इसके बाद उन्होंने कैबिनेट बैठक की और फिर इस्तीफा देने राजभवन पहुंचे।
नई सरकार को दिया समर्थन का आश्वासन
इस्तीफे के बाद नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पर कहा कि उन्होंने बिहार के लोगों की लंबे समय तक सेवा की है और अब नई सरकार को पूरा सहयोग व मार्गदर्शन देंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार आगे और प्रगति करेगा।
कौन होगा अगला मुख्यमंत्री?
भाजपा ने अभी तक मुख्यमंत्री पद के लिए आधिकारिक नाम घोषित नहीं किया है। हालांकि, सम्राट चौधरी को मजबूत दावेदार माना जा रहा है। इसके अलावा नित्यानंद राय, रेणु देवी और संजय जायसवाल के नाम भी चर्चा में हैं।
शपथ ग्रहण में बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।