

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Nushrratt Bharuccha returns to Mumbai after accident in Bali.
बॉलीवुड एक्ट्रेस नुसरत भरुचा बाली में हुए एक हादसे के बाद इलाज के लिए मुंबई वापस लौट आई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे में उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ है। मुंबई पहुंचने के बाद उन्हें एंबुलेंस से स्ट्रेचर के जरिए अस्पताल ले जाया गया। इस दौरान उनका परिवार और करीबी दोस्त भी उनके साथ नजर आए।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में नुसरत को एंबुलेंस से बेहद सावधानी से स्ट्रेचर पर बाहर निकालते हुए देखा जा सकता है। परिवार और दोस्त उन्हें घेरे हुए नजर आए और इसके बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए अस्पताल के अंदर ले जाया गया।
बाली में हुआ था हादसा
रिपोर्ट्स के अनुसार, नुसरत काम के सिलसिले में बाली में थीं और छुट्टियां भी मना रही थीं। इसी दौरान उनका एक्सीडेंट हो गया। हादसे के बाद उन्हें तुरंत बाली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शुरुआती इलाज किया गया।
इसके बाद उनकी टीम ने उन्हें बेहतर इलाज और सर्जरी के लिए एयर एंबुलेंस के जरिए मुंबई लाने का फैसला किया। मुंबई पहुंचने के बाद उन्हें आगे के मेडिकल ट्रीटमेंट के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
टीम ने की हेल्थ की पुष्टि
नुसरत के अस्पताल में भर्ती होने की खबरों के बीच उनकी टीम ने उनकी चोट की पुष्टि की। टीम के मुताबिक, एक्ट्रेस को स्पाइनल फ्रैक्चर हुआ है और उनकी हेल्थ इस समय सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
टीम ने यह भी बताया कि चोट और इसके बाद होने वाली सर्जरी के चलते नुसरत को रिकवरी के लिए पर्याप्त आराम और समय की जरूरत होगी। हालांकि, हादसा किस तरह हुआ, इसको लेकर टीम की ओर से फिलहाल कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।
परिवार ने मांगी प्राइवेसी
नुसरत के परिवार और टीम ने इस मुश्किल समय में उनकी प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील की है। फिलहाल एक्ट्रेस का पूरा फोकस इलाज और रिकवरी पर है।
नुसरत हाल ही में डायरेक्टर रेमो डिसूजा की एक आगामी एक्शन फिल्म का हिस्सा बनी थीं, जिसमें टाइगर श्रॉफ भी नजर आने वाले हैं। हादसे के कारण फिल्म की शूटिंग या उनके शेड्यूल पर क्या असर पड़ेगा, इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
इन फिल्मों से मिली पहचान
नुसरत भरुचा को 'प्यार का पंचनामा' फ्रेंचाइजी और 'सोनू के टीटू की स्वीटी' जैसी फिल्मों में उनके अभिनय के लिए जाना जाता है। इसके अलावा वह 'छोरी', 'जनहित में जारी' और 'राम सेतु' जैसी फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं।
फिलहाल फैंस नुसरत के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।