

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

ramgopal agrawal bail rejected chhattisgarh high court
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोयला लेवी घोटाले में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष और छत्तीसगढ़ नागरिक आपूर्ति निगम (नान) के पूर्व अध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने उनकी नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी है। जस्टिस नरेंद्र कुमार व्यास की एकल पीठ ने केस डायरी और जांच में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर जमानत देने से इनकार किया।
अदालत ने अपने आदेश में कहा कि प्रथम दृष्टया उपलब्ध सामग्री से रामगोपाल अग्रवाल की आर्थिक अपराध में संलिप्तता दिखाई देती है। अपराध की गंभीरता और जांच में सामने आए तथ्यों को देखते हुए उन्हें फिलहाल जमानत का लाभ नहीं दिया जा सकता।
दो साल में 540 करोड़ रुपये की अवैध वसूली का आरोप
ACB/EOW ने कोयला लेवी घोटाले में मामला दर्ज किया था। अभियोजन के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में कोयला परिवहन परमिट की ऑनलाइन व्यवस्था को मैनुअल सिस्टम में बदलकर अवैध वसूली का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था।
आरोप है कि इस नेटवर्क के जरिए कोयला कारोबारियों से प्रति टन 25 रुपये की लेवी वसूली जाती थी। जुलाई 2020 से जून 2022 के बीच रायगढ़, कोरबा और सूरजपुर समेत कोयला उत्पादक जिलों में करीब 540 करोड़ रुपये की अवैध वसूली किए जाने का आरोप है। इसी मामले में रामगोपाल अग्रवाल को जुलाई में गिरफ्तार किया गया था।
कांग्रेस के लिए 104.20 करोड़ रुपये लेने का आरोप
प्रवर्तन निदेशालय (ED) की रिपोर्ट के आधार पर 17 जनवरी 2024 को 35 आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी। जांच एजेंसी के अनुसार, रामगोपाल अग्रवाल ने कांग्रेस प्रदेश कोषाध्यक्ष रहते हुए देवेंद्र डडसेना के माध्यम से कथित अवैध लेवी से प्राप्त 104.20 करोड़ रुपये पार्टी के लिए लिए थे।
जांच में रामगोपाल अग्रवाल और उनके परिजनों के नाम पर संपत्तियां खरीदे जाने की जानकारी भी सामने आई है। एजेंसी ने इन संपत्तियों की खरीद में इस्तेमाल की गई रकम के स्रोत पर सवाल उठाए हैं।
बचाव पक्ष ने दी जमानत की दलील, शासन ने किया विरोध
रामगोपाल अग्रवाल की ओर से अधिवक्ताओं ने गिरफ्तारी को अनुचित बताते हुए जमानत की मांग की। बचाव पक्ष का कहना था कि अग्रवाल ने जांच में सहयोग किया है और अब उन्हें हिरासत में रखकर पूछताछ करने की आवश्यकता नहीं है।
इसके अलावा ट्रायल में देरी और मामले के कुछ सह-आरोपियों को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने का हवाला देते हुए समानता के आधार पर राहत देने की मांग की गई।
वहीं, शासन की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता प्रवीण दास ने जमानत याचिका का विरोध किया। उन्होंने अदालत को बताया कि अग्रवाल संपत्तियों की खरीद में इस्तेमाल की गई रकम का स्रोत स्पष्ट नहीं कर सके हैं। जांच में उनके बेटे के नाम पर भी कई संपत्तियां खरीदे जाने की बात सामने आई है।
सह-आरोपियों की जमानत का आधार भी नहीं आया काम
हाईकोर्ट ने सह-आरोपियों को मिली जमानत के आधार पर राहत देने की दलील भी स्वीकार नहीं की। अदालत ने कहा कि अन्य आरोपियों को करीब डेढ़ से दो साल जेल में रहने के बाद जमानत मिली थी, जबकि रामगोपाल अग्रवाल गिरफ्तारी के बाद करीब तीन महीने ही जेल में रहे हैं।
कोर्ट ने यह भी माना कि ट्रायल में देरी के लिए अभियोजन को जिम्मेदार ठहराने का कोई ठोस आधार प्रस्तुत नहीं किया गया है। ऐसे में सह-आरोपियों की जमानत के आधार पर उन्हें राहत नहीं दी जा सकती।
ट्रायल के फैसले पर नहीं पड़ेगा सुनवाई की टिप्पणियों का असर
सभी पक्षों की दलीलें और उपलब्ध साक्ष्यों पर विचार करने के बाद हाईकोर्ट ने रामगोपाल अग्रवाल की नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी।
हालांकि, अदालत ने स्पष्ट किया कि जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान की गई टिप्पणियों का मुकदमे के ट्रायल में मामले के गुण-दोष पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। यानी अंतिम रूप से आरोपों पर फैसला ट्रायल के दौरान साक्ष्यों के आधार पर ही किया जाएगा।