

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Former Advocate General Kanak Tiwari passes away; wave of grief across the state
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के प्रख्यात गांधीवादी विचारक, संविधान विशेषज्ञ, वरिष्ठ अधिवक्ता, लेखक और प्रदेश के पूर्व महाधिवक्ता कनक तिवारी का निधन हो गया है। उन्होंने गुरुवार को दुर्ग के बीएम शाह अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से प्रदेश के साहित्यिक, सामाजिक, राजनीतिक और बौद्धिक जगत में शोक की लहर है। उनका पार्थिव शरीर अस्पताल में रखा गया है। उनकी बेटी के विदेश से पहुंचने के बाद शुक्रवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा।
कनक तिवारी पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे थे। करीब एक महीने से उनके परिचित और प्रशंसक उनकी सेहत को लेकर चिंतित थे। सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाले तिवारी की ओर से लंबे समय तक कोई नई पोस्ट साझा नहीं किए जाने पर शुभचिंतक लगातार उनका हालचाल जानने का प्रयास कर रहे थे।
कनक तिवारी ने 5 सितंबर को अपने फेसबुक पोस्ट के माध्यम से जानकारी दी थी कि वे पांचवीं बार आईसीयू में भर्ती हुए हैं। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद 19 सितंबर को उन्होंने एक और पोस्ट साझा की थी। इसमें उन्होंने अपने मोहल्ले पद्मनाभपुर में गणेश उत्सव के अवसर पर सार्वजनिक रूप से किए गए अभिनंदन का उल्लेख किया था।
उनकी अंतिम सोशल मीडिया पोस्ट के बाद से ही प्रशंसक उनके स्वास्थ्य को लेकर लगातार चिंतित थे। 13 नवंबर को देवप्रिय अवस्थी ने फेसबुक पर पोस्ट साझा कर लिखा था कि कनक तिवारी की आखिरी पोस्ट देखे एक महीना हो चुका है। उन्होंने तेजस के माध्यम से उनके स्वास्थ्य की ताजा जानकारी साझा करने का अनुरोध भी किया था।
कनक तिवारी छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता और पूर्व महाधिवक्ता थे। दिसंबर 2018 में उन्हें छत्तीसगढ़ का महाधिवक्ता नियुक्त किया गया था। इससे पहले वर्ष 2002 से वे छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में कार्यरत थे। कानून, संविधान और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा।
कनक तिवारी का जन्म 26 जुलाई 1940 को हुआ था। उनका पैतृक जुड़ाव राजनांदगांव और दुर्ग से रहा। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा राजनांदगांव से प्राप्त की। इसके बाद रायपुर के साइंस कॉलेज से विज्ञान की पढ़ाई की और अंग्रेजी साहित्य में एमए किया। उन्होंने वर्ष 1971 में रविशंकर विश्वविद्यालय से एलएलबी की परीक्षा स्वर्ण पदक के साथ उत्तीर्ण की थी।
कनक तिवारी ने अपने करियर की शुरुआत अंग्रेजी साहित्य के प्राध्यापक के रूप में की थी। करीब 8 से 9 वर्षों तक उन्होंने विभिन्न कॉलेजों में अध्यापन किया। इसके बाद वे पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़े और पीटीआई, नवभारत तथा नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित समाचार माध्यमों में भी अपनी सेवाएं दीं।
कनक तिवारी अविभाजित मध्यप्रदेश में मध्यप्रदेश गृह निर्माण मंडल के चेयरमैन और मध्यप्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहे। इसके अलावा वे छत्तीसगढ़ राष्ट्रभाषा प्रचार समिति के कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा चुके थे।
कनक तिवारी गांधीवादी और समाजवादी विचारधारा से गहराई से जुड़े हुए थे। संविधान, राजनीति, कानून, सामाजिक न्याय और आदिवासी मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ थी। एक प्रखर विचारक और लेखक के रूप में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई थी।
कनक तिवारी ने अपने लेखन के माध्यम से सामाजिक, राजनीतिक और संवैधानिक विषयों पर महत्वपूर्ण विमर्श प्रस्तुत किया। उनकी प्रमुख पुस्तकों में 'संविधान का सच', 'फिर से हिंद स्वराज', 'बस्तर–लाल क्रांति बनाम ग्रीन हंट', 'काल इनमें ठहर गया है' और 'विवेकानंद का जनधर्म' शामिल हैं। उनके निधन से छत्तीसगढ़ ने एक अनुभवी विधिवेत्ता, संवेदनशील पत्रकार, प्रखर गांधीवादी विचारक और समाज के महत्वपूर्ण बौद्धिक व्यक्तित्व को खो दिया है।