

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Raipur News: Theft of ₹1.89 crore from Apple mobile store solved; two suspects arrested after 25 days, 125 iPhones recovered.
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित मरीन ड्राइव के एप्पल मोबाइल स्टोर में हुई करोड़ों रुपये की चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब 25 दिन बाद पुलिस ने चोरी की वारदात में शामिल गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 125 कीमती मोबाइल बरामद किए गए हैं। चोरी हुए शेष 44 मोबाइल कोलकाता के रास्ते पड़ोसी देश में बेचे जाने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्यप्रदेश के देवास निवासी राजेश अजय सिंह झाला और बड़वानी निवासी सफान खान के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, सफान चोरी के मोबाइल फोन खपाने का काम करता था, जबकि राजेश चोरी करने वाले गिरोह का सदस्य है। इस मामले में राजेश का बेटा राज झाला और राजेश लोधी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने 24 अक्टूबर को जोरा मॉल से एक बाइक चोरी की थी। इसी दिन वे एप्पल स्टोर में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले थे, लेकिन रात में इलाके में अधिक चहल-पहल होने के कारण उनकी योजना सफल नहीं हो सकी। इसके बाद आरोपियों ने मौका देखकर मोबाइल स्टोर को निशाना बनाया।
आरोपियों ने मोबाइल शॉप के शटर में सेंटर लॉक नहीं होने का फायदा उठाया। उन्होंने सब्बल की मदद से शटर ऊपर उठाया और दुकान के अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद महज आठ मिनट के भीतर करीब 175 कीमती मोबाइल चोरी कर फरार हो गए। चोरी किए गए मोबाइल की कुल कीमत लगभग 1.89 करोड़ रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह केवल रायपुर तक सीमित नहीं था। गिरोह के सदस्य केरल, राजस्थान, मध्यप्रदेश और दिल्ली समेत देश के अलग-अलग राज्यों में एप्पल स्टोर को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। रायपुर से नागपुर और भंडारा तक एक हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर पुलिस ने आरोपियों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाया।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि गिरोह के सरगना राजेश कंजर उर्फ झाला के खिलाफ मध्यप्रदेश और राजस्थान में 47 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और फरार आरोपियों के साथ-साथ चोरी हुए शेष 44 मोबाइल की तलाश में जुटी है। पुलिस को आशंका है कि इन मोबाइल को कोलकाता के रास्ते पड़ोसी देश में बेचने की योजना बनाई गई थी।